Advertisement

एसआईआर में कसमार ने रचा इतिहास, सभी 82 मतदान केंद्रों का डिजिटाइजेशन पूर्ण

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड ने जिले में नया कीर्तिमान स्थापित करते हुए सबसे पहले अपने सभी 82 मतदान केंद्रों का शत-प्रतिशत डिजिटाइजेशन कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है।

निर्धारित समय-सीमा से पहले लक्ष्य हासिल करने वाला कसमार जिले का पहला प्रखंड बन गया है। इस उपलब्धि से निर्वाचन कार्य में जुटे अधिकारियों एवं कर्मियों में उत्साह का माहौल है।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त बोकारो के निर्देश तथा गोमिया विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-अपर समाहर्ता के मार्गदर्शन में संचालित इस अभियान के तहत 24 जुलाई को प्रखंड के सभी बूथों पर डिजिटाइजेशन का कार्य पूर्ण कर लिया गया। अभियान की पूरी प्रक्रिया की निगरानी सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-अंचल अधिकारी नरेंद्र कुमार सिंह द्वारा लगातार की जा रही थी।

इस दौरान एचडीएम किशोर कांत, अंचल निरीक्षक प्रवीण कुमार, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी प्रवीण कुमार, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी विजय कुमार, राजस्व उप निरीक्षक मो. जमील अहमद, नियाज अहमद, टिंकू लहरी, विक्रम कुमार तथा सभी बीएलओ पर्यवेक्षक एवं बीएलओ लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहे।
बताया जाता है कि अधिकारियों ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर बीएलओ से कार्य की प्रगति की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। अधिकारियों ने कहा कि यह उपलब्धि सभी बीएलओ, बीएलओ पर्यवेक्षकों एवं निर्वाचन कार्य में लगे कर्मियों के समर्पण, टीम वर्क और बेहतर समन्वय का परिणाम है। समय से पहले लक्ष्य पूरा होने से जिले के अन्य प्रखंडों के लिए भी कसमार ने एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है।

इस अवसर पर सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-अंचल अधिकारी नरेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन करते हुए पूरी टीम ने जिम्मेदारी और समर्पण के साथ कार्य किया। सभी बीएलओ और पर्यवेक्षकों की मेहनत से कसमार जिले का पहला प्रखंड बना, जिसने सभी 82 मतदान केंद्रों का डिजिटाइजेशन समय से पहले पूरा किया है।

एचडीएम किशोर कांत ने कहा कि पूरी टीम ने बेहतर समन्वय के साथ कार्य किया। प्रत्येक मतदान केंद्र की नियमित निगरानी की गई, जिससे निर्धारित समय में लक्ष्य हासिल करना संभव हो सका। प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी प्रवीण कुमार ने कहा कि निर्वाचन कार्य में सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने जिम्मेदारीपूर्वक योगदान दिया। टीम भावना और सतत मॉनिटरिंग के कारण यह उपलब्धि हासिल हुई। श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी विजय कुमार ने कहा कि कसमार प्रखंड की यह सफलता सभी कर्मियों की कड़ी मेहनत का परिणाम है। भविष्य में भी निर्वाचन आयोग के सभी कार्यों को इसी गंभीरता और पारदर्शिता के साथ पूरा किया जाएगा।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *