चार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया
रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो के पुलिस अधीक्षक के आदेशानुसार बीते 3 नवंबर को बेरमो के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष वाहन जांच एवं छापामारी दल का गठन किया गया। गठित टीम ने पेटरवार थाना क्षेत्र में वाहन जांच अभियान के दौरान बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए चोरी की 17 बाइक बरामद की हैं। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों सहित एक निरुद्ध किशोर और एक अन्य किशोर को पकड़कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
विशेष जांच दल में पेटरवार थाना प्रभारी राजू कुमार मुंडा, कसमार थाना प्रभारी कुंदन कुमार, सुनील कुमार पटेल, अगस्टीन टेटे, इमामुल कुजुर एवं विनय कुमार पाल सहित पेटरवार थाना के पुलिसकर्मी शामिल थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार पेटरवार से कसमार जाने वाले मुख्य मार्ग पर पेटरवार पंचायत के खत्री टोला स्थित राजा तालाब के समीप वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान कसमार की ओर से आ रहे दो बाइक सवारों को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखकर दोनों बाइक सवार भागने लगे। मौके पर मौजूद पुलिस बल ने पीछा कर दोनों को रोक लिया।
जांच के दौरान बाइक के आवश्यक कागजात मांगे गए, लेकिन दोनों बाइक सवार कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके।पकड़े गए आरोपियों की पहचान अनुज महतो, पिता गणेश महतो, रहिवासी पिरगुल, थाना कसमार तथा लाल बाबू तुरी, पिता स्वर्गीय रघु तुरी, रहिवासी चरकपखना, थाना पेटरवार के रूप में हुई। दोनों को बाइक सहित पेटरवार थाना लाया गया, जहां पूछताछ के दौरान अनुज महतो ने बाइक चोरी गिरोह में संलिप्तता की जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, अनुज महतो ने पूछताछ में बताया कि वह निरुद्ध किशोर, किशोर महतो, पिता स्वर्गीय जितेंद्र महतो, रहिवासी रंगामाटी, थाना कसमार तथा अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग और रांची के विभिन्न क्षेत्रों से मोटरसाइकिल चोरी करता था। इसके बाद अन्य सहयोगियों के माध्यम से चोरी की बाइक की खरीद-बिक्री की जाती थी।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने रामगढ़ जिला के हद में गोला, बोकारो जिला के हद में पेटरवार और कसमार थाना क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर चोरी की कुल 17 मोटरसाइकिलें बरामद की। इस मामले में पेटरवार थाना में कांड क्रमांक176/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पकड़े गए आरोपियों की मेडिकल जांच कराने के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में तेनुघाट भेज दिया गया।

बताया जाता है कि पेटरवार थाना प्रभारी राजू मुंडा ने पकड़े गए वाहन चोरों के साथ पेटरवार के गागी हाट सहित विभिन्न स्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन स्थानों को चिह्नित किया गया, जहां से आरोपियों द्वारा आसानी से मोटरसाइकिल चोरी की जाती थी। निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी मुंडा ने पत्रकारों को बताया कि वाहन चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए चोरी के स्थानों का निरीक्षण करना और घटना के तरीके को समझना आवश्यक है।
उन्होंने आम जनों से भी सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि अपने वाहनों को इधर-उधर असुरक्षित तरीके से खड़ा न करें और स्वयं भी सावधानी बरतें। थाना प्रभारी ने बताया कि क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क है। सादे लिबास में पुलिसकर्मी गश्त करेंगे तथा नियमित पेट्रोलिंग भी जारी रहेगी। उन्होंने अपील की कि यदि किसी भी स्थान पर कोई संदिग्ध व्यक्ति दिखाई देता है, तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
![]()













Leave a Reply