रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। स्कूलनेट इंडिया लिमिटेड की ओर से आइसीटी-254 परियोजना के तहत 4 नवंबर को बोकारो जिला के हद में राजकीय मध्य विद्यालय पेटरवार आइसीटी आधारित पांच दिवसीय शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम लगातार पांच दिनों तक संचालित किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि बोकारो जिले के कुल 62 विद्यालयों में आइसीटी-254 परियोजना के तहत लैब एवं डिजिटल शिक्षण सुविधाओं की स्थापना की गई है। इस परियोजना के अंतर्गत प्रत्येक विद्यालय में एक आइसीटी लैब तथा दो-दो पैनल आधारित स्मार्ट क्लास स्थापित किए गए हैं। इन डिजिटल संसाधनों का उद्देश्य विद्यालयों में आधुनिक एवं तकनीक आधारित शिक्षा को बढ़ावा देना तथा विद्यार्थियों को डिजिटल शिक्षा से जोड़ना है।
बताया जाता है कि इन्हीं विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों को आइसीटी लैब एवं पैनल आधारित स्मार्ट क्लास के प्रभावी संचालन, तकनीकी जानकारी और शैक्षणिक उपयोग में दक्ष बनाने के उद्देश्य से इस विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में मुख्य प्रशिक्षक के रूप में योगेश प्रसाद एवं अंकित कुमार शिक्षकों को कंप्यूटर एवं सूचना प्रौद्योगिकी से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं पर प्रशिक्षण प्रदान करेंगे। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य विद्यालयों में स्थापित आइसीटी लैब एवं उपलब्ध डिजिटल संसाधनों का अधिकतम, नियमित और प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करना है। इसके माध्यम से शिक्षकों को कंप्यूटर संचालन, आइसीटी उपकरणों के उपयोग, पैनल आधारित स्मार्ट क्लास के संचालन तथा आइसीटी आधारित शिक्षण पद्धतियों की व्यावहारिक जानकारी दी जाएगी, ताकि वे कक्षा शिक्षण को अधिक प्रभावशाली, आधुनिक, रोचक एवं तकनीक आधारित बना सकें।
प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को सैद्धांतिक जानकारी के साथ-साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण एवं तकनीकी कौशल भी प्रदान किए जाएंगे। इससे शिक्षक विद्यालयों में उपलब्ध कंप्यूटर, स्मार्ट पैनल एवं अन्य आइसीटी संसाधनों का बेहतर उपयोग कर सकेंगे तथा विद्यार्थियों के बीच डिजिटल साक्षरता और तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकेंगे।
उल्लेखनीय है कि इस पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन जिला शिक्षा पदाधिकारी बोकारो द्वारा जारी आधिकारिक पत्र के निर्देशानुसार किया जा रहा है।
स्कूलनेट इंडिया लिमिटेड का उद्देश्य केवल विद्यालयों में आइसीटी संसाधनों की स्थापना करना ही नहीं, बल्कि उनका नियमित, प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक उपयोग सुनिश्चित करना भी है। इसी उद्देश्य की पूर्ति की दिशा में यह पांच दिवसीय शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम एक महत्वपूर्ण पहल है।
जिसमें जिला के हद में जरीडीह, कसमार तथा पेटरवार प्रखंड के टीचर को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। जोनल कोऑडीनेटर प्रमाद कुमार, जिला कोर्डिनेटर रणवीर कुमार, ट्रेनर पप्पू कुमार, प्रीति कुमारी, मो. उमर अंसारी द्वारा प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण पाने वालो में चंद्र भूषण कपरदार, विजय दास, महेश महतो, अमित कुमार सिंहा सयूम रजा, सुनील कुमार यादव, राजकिशोर महतो, देवकी देवी, बिरेन सिंह मुंडा, नकुल मुंडा आदि शिक्षक उपस्थित हो रहे है।
![]()













Leave a Reply