चंद मिनटों में हो गया समाधान, जीरा देवी के चेहरे पर लौटी मुस्कान
एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला मुख्यालय समाहरणालय स्थित सभागार कक्ष में 24 जुलाई को लोक संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। आयोजित हम आपको सुनते हैं (लोक संवाद) कार्यक्रम एक बार फिर आमजन की उम्मीदों का मंच बन गया। जिला उपायुक्त अजय नाथ झा ने जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे आमजनों की समस्याओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना।
लोक संवाद कार्यक्रम के दौरान खाद्य आपूर्ति, राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, भूमि, पेंशन, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं अन्य विभागों से संबंधित कुल 33 आवेदनों पर सुनवाई की गई। सभी मामलों में संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
बताया जाता है कि सुनवाई के दौरान जिला के हद में चास प्रखंड के तेलडीह रहिवासी जीरा देवी ने उपायुक्त को बताया कि उनके पति के निधन के बाद परिवार आर्थिक और सामाजिक कठिनाइयों का सामना कर रहा है। उनके राशन कार्ड में केवल दिवंगत पति का नाम दर्ज है, जिसके कारण उन्हें राशन का लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने राशन कार्ड में अपना नाम जोड़ने की अपील की।
उक्त महिला की समस्या जानकर उपायुक्त ने तत्काल जिला आपूर्ति पदाधिकारी को राशन कार्ड में नाम जोड़ने की प्रक्रिया करने का निर्देश दिया। साथ ही स्पष्ट निर्देश दिया कि जब तक राशन कार्ड में नाम जोड़ने की प्रक्रिया पूर्ण नहीं हो जाती, तब तक परिवार को आकस्मिक खाद्यान्न योजना के तहत खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाए, ताकि परिवार को किसी भी परिस्थिति में राशन के लिए परेशान नहीं होना पड़े।

उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पीड़िता जीरा देवी को सरकार की पात्रता आधारित विभिन्न जनकल्याणकारी एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से प्राथमिकता के आधार पर आच्छादित किया जाए, जिससे उन्हें आवश्यक सरकारी सहायता समय पर मिल सके। इसके अलावा बेरमो प्रखंड क्षेत्र की महिला द्वारा एक हीं प्लॉट के मकान के दो खरीददारों में एक का म्यूटेशन करने तथा दूसरे का सीबी एरिया बताकर मामला लंबित कर दो साल से रिजेक्ट करने को गंभीरता से लिया तथा पीड़िता को यथाशीघ्र लंबित म्यूटेशन का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में प्राप्त अन्य आवेदनों पर भी उपायुक्त ने संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सभी मामलों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि हम आपको सुनते हैं (लोक संवाद) का उद्देश्य केवल शिकायतें सुनना नहीं, बल्कि आमजन की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और मानवीय समाधान सुनिश्चित करना है।
मौके पर उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, अपर समाहर्ता सुनील चन्द्र, डीपीआरओ रवि कुमार, प्रभारी पदाधिकारी (जन शिकायत) हेमलता बून, एडीएसएस सुचिता किरण, एपीआरओ अविनाश कुमार सिंह, डीडीएमओ शक्ति कुमार, जेएएस प्रोवेश्नर पदाधिकारी आदि उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply