अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। भारत सरकार के महत्वाकांक्षी अभियान हर घर तिरंगा के अंतिम दिवस के अवसर पर 17 अगस्त को वैशाली जिला के हद में राज्य संपोषित बालिका उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हाजीपुर में स्वच्छता एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्रभारी प्राचार्या डॉ केकी कृष्णा के निर्देशन में किया गया।
जानकारी के अनुसार कार्यक्रम के प्रथम चरण में विद्यालय की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक स्वच्छता अभियान में भाग लिया। छात्राओं ने विद्यालय परिसर की साफ-सफाई कर स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। इस कार्य में विद्यालय के गैर-शिक्षण कर्मी मोहम्मद मोती, रमेश राय, जितेंद्र कुमार और रमेश कुमार का विशेष सहयोग रहा।

इसके पश्चात पर्यावरण संरक्षण की दिशा में पहल करते हुए गायत्री परिवार की सदस्य शीला चौधरी के नेतृत्व में विद्यालय परिसर में फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया गया। इस अवसर पर उपस्थित छात्राओं ने पौधों की सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शीला चौधरी ने कहा कि पेड़-पौधे प्रकृति के अमूल्य उपहार हैं। वृक्षारोपण केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि मानव जीवन और धरती के भविष्य को सुरक्षित करने का संकल्प है।
प्रभारी प्राचार्या डॉ केकी कृष्णा ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान हमें राष्ट्र के प्रति प्रेम और जिम्मेदारी का भाव सिखाता है। कहा कि राष्ट्र सेवा केवल सीमा पर ही नहीं, बल्कि स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक दायित्वों के निर्वहन से भी होती है। आज लगाए गए ये पौधे आने वाले वर्षों में विद्यालय की हरियाली और छात्राओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेंगे। कहा कि आप सभी भारत के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला हैं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षक राजेश कुमार सिंह, शुभांगी, सरोज कुमार, गोपाल कृष्ण, सविता कुमारी, रुचि रमन, कनक लता, पुष्पांजलि, विभा कुमारी सहित अन्य शिक्षकों का सराहनीय योगदान रहा। इस दौरान छात्रा अनामिका, प्रिया, साक्षी, काजल, नेहा, रिया, पल्लवी एवं सोनाली ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। राष्ट्रप्रेम, स्वच्छता और पर्यावरण जागरूकता के प्रेरणादायी संदेश के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।
![]()













Leave a Reply