Advertisement

उपायुक्त ने की प्रायोजन योजना की समीक्षा, 130 नए आवेदनों को मिली स्वीकृति

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला समाहरणालय में जिला उपायुक्त-सह-अध्यक्ष, प्रायोजन एवं पालक देखरेख अनुमोदन समिति अजय नाथ झा की अध्यक्षता में 17 अगस्त को समीक्षा बैठक की गयी। इसमें प्रायोजन योजना के तहत बच्चों को दी जा रही सहायता राशि, लंबित भुगतान, नए आवेदन और विशेष मामलों की समीक्षा की गई।

समीक्षा क्रम में बताया गया कि बीते जनवरी 2026 तक 116 बच्चों को योजना का लाभ मिला है, जबकि 284 बच्चों को फरवरी तक और इनमें से 23 को मार्च तक का लाभ उपलब्ध कराया गया है। आवंटन की कमी के कारण शेष भुगतान लंबित है। वहीं 470 बच्चे पूर्व से योजना का लाभ ले रहे हैं। बैठक में दस्तावेजीय जांच एवं सामाजिक अन्वेषण पूरा होने के बाद 130 नए आवेदनों को स्वीकृति दी गई।

छह लोक संवाद और तीन एचआईवी प्रभावित बच्चों से जुड़े आवेदनों पर भी चर्चा की गयी। जिला के हद में चंदनकियारी में सड़क दुर्घटना में अनाथ हुए विद्युत मांझी, विमल मांझी तथा बालीडीह के शिवानी कुमारी और सौरव कुमार को योजना से जोड़ने की स्वीकृति दी गई। उपायुक्त ने पात्र बच्चों को समय पर लाभ देने का निर्देश दिया।

 

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *