Advertisement

रणविजय मेमोरियल संस्कार पब्लिक स्कूल में धूमधाम से मना स्वतंत्रता दिवस

भारत माता की वेशभूषा में दीपश्री व् बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुति ने मोहा सबका मन

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के खैराचातर स्थित रणविजय मेमोरियल संस्कार पब्लिक स्कूल में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। यहां विद्यालय की प्राचार्या विभा पांडेय ने ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर पूर्व मुखिया रामसेवक जायसवाल मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

जानकारी के अनुसार विद्यालय परिसर में ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान के बाद विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने देश की एकता, अखंडता और स्वतंत्रता के मूल्यों को बनाए रखने का संकल्प लिया। समारोह के दौरान विद्यालय परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने देशभक्ति गीत, आकर्षक नृत्य, एकांकी तथा अन्य प्रस्तुतियों के माध्यम से उपस्थित अभिभावकों और अतिथियों का मन मोह लिया। बच्चों की प्रस्तुतियों पर पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा।

इस दौरान छोटी बच्ची दीपश्री ने भारत माता की वेशभूषा में विशेष प्रस्तुति देकर सभी का ध्यान आकर्षित किया। उसकी प्रस्तुति को उपस्थित जनों ने खूब सराहा। आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्या विभा पांडेय ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि देश के प्रति अपने कर्तव्यों को याद करने का दिन है।

उन्होंने कहा कि देश को आजादी दिलाने वाले स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को हमेशा याद रखना चाहिए। कहा कि बच्चों में देशप्रेम, अनुशासन, नैतिकता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना शिक्षा का महत्वपूर्ण उद्देश्य है। आज के बच्चे ही भविष्य में देश का नेतृत्व करेंगे।

पूर्व मुखिया रामसेवक जायसवाल ने कहा कि देश की आजादी अनेक वीरों के त्याग और संघर्ष का परिणाम है। नई पीढ़ी को स्वतंत्रता आंदोलन के इतिहास और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को समझना चाहिए। उन्होंने बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ बच्चों में संस्कार और देशभक्ति की भावना का विकास भी जरूरी है।

कार्यक्रम का संचालन राजीव रंजन ने किया। मौके पर विष्णु कुमार जायसवाल, कुमारी मिठू, बैजनाथ साव, अब्दुल शाहिद, सविता पांडेय, अब्दुल हसन, रिया जायसवाल, धनेश्वर महतो, आकांक्षा कुमारी, डिंपल कुमारी, साकिया खातून समेत विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिका, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में अभिभावकगण मौजूद थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *