Advertisement

नावाडीह पुलिस ने डकैती कांड के फरार आरोपी को धनबाद से किया गिरफ्तार

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में नावाडीह थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। बीते साल अगस्त में हुई डकैती कांड के फरार आरोपी को पुलिस ने धनबाद से गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले इस कांड में 7 अन्य आरोपी भी गिरफ्तार किए जा चुके हैं।

जानकारी के अनुसार नावाडीह थाना में एक वर्ष पूर्व 18 अगस्त 2025 को कांड क्रमांक 57/25 धारा 310 (2) बीएनएस के तहत थाना के हद में बिरनी रहिवासी धनेश्वर साहू ने आवेदन दिया था। आवेदन के अनुसार घटना की रात लगभग एक बजे 8-10 अज्ञात अपराधकर्मियों ने घर के पीछे का दरवाजा तोड़कर प्रवेश किया और हथियार का भय दिखाकर जेवरात और नगद की डकैती की थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए नावाडीह थाना प्रभारी अमित कुमार सोनी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पहले ही 7 अज्ञात अभियुक्तों को गिरफ्तार कर तेनुघाट जेल भेज दिया था। इस बीच कांड का मुख्य फरार आरोपी मुस्ताक शेख उर्फ मो. मुस्ताक, उम्र 26 वर्ष, पिता शेख सकरुद्दीन, रहिवासी खरखरी बस्ती, थाना मधुबन, जिला धनबाद घटना के बाद से फरार चल रहा था। उसके विरुद्ध न्यायालय से इश्तिहार भी निर्गत किया गया था।

पुलिस के अनुसार अनुसंधान के क्रम में पुलिस को सूचना मिली और 19 अगस्त को छापेमारी कर आरोपी को धनबाद जिला के हद में मधुबन थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर उसे न्यायिक हिरासत में तेनुघाट जेल भेज दिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी करने वाली टीम में पुलिस अवर निरीक्षक सह नावाडीह थाना प्रभारी अमित कुमार सोनी, पुअनि राहुल कुमार राम और आरक्षी शेख मो. शोहराब शामिल थे। इस उपलब्धि पर नावाडीह पुलिस का कहना है कि मामले में आगे भी अनुसंधान जारी है और बाकी सामान की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। बताया जाता है कि नावाडीह पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों में हड़कंप मच गया है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *