रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बेटी के जन्म को उत्सव के रूप में मनाने और समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे बधाई हो बेटी हुई है अभियान के तहत बोकारो जिला उपायुक्त अजय नाथ झा एवं डॉ प्रतिमा झा 19 अगस्त को पुलिस लाइन पहुंचे।
उपरोक्त ने पुलिस लाइन स्थित आवास पहुंचकर अंगरक्षक नितेश कुमार के परिवार को नवजात पुत्री के जन्म पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी। इस दौरान उन्होंने परिवार का मुंह मीठा कराया तथा नवजात बच्ची को आशीर्वाद देकर उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
बेटी का जन्म परिवार ही नहीं, पूरे समाज के लिए खुशी का अवसर-उपायुक्त
इस अवसर पर बोकारो जिला उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि बेटी का जन्म किसी परिवार के लिए गौरव और उत्सव का अवसर है। बेटियां परिवार की खुशियों को बढ़ाने के साथ समाज और देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देती है। उन्होंने कहा कि बधाई हो बेटी हुई है अभियान का उद्देश्य बेटी के जन्म को खुशी के रूप में मनाने के साथ समाज में बेटियों के प्रति सम्मान और समानता की भावना को मजबूत करना है।
बेटियों को मिले प्यार, सम्मान और आगे बढ़ने का अवसर-डॉ प्रतिमा झा
इस अवसर पर डॉ प्रतिमा झा ने नवजात बच्ची को आशीर्वाद देते हुए कहा कि बेटियां परिवार की खुशियों का आधार होती है। कहा कि समाज में बेटियों के जन्म को लेकर सकारात्मक वातावरण बनाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि हर बेटी को शिक्षा, सुरक्षा, सम्मान और आगे बढ़ने का समान अवसर मिलना चाहिए।

उन्होंने परिवार को बेटी के जन्म की बधाई देते हुए उसके स्वस्थ एवं सुखद भविष्य की मंगलकामना की। इस दौरान परिवार के सदस्यों के चेहरे पर बेटी के जन्म की खुशी साफ नजर आई। मौके पर उपस्थित गणमान्य जनों ने भी नवजात बच्ची को आशीर्वाद देते हुए परिवार को शुभकामनाएं दी।
![]()













Leave a Reply