नौसेना को मिला स्वदेशी युद्धपोत ‘विंध्यगिरि’, आत्मनिर्भर भारत की बड़ी उपलब्धि
कार्यालय संवाददाता/मुंबई। भारतीय नौसेना की समुद्री युद्धक क्षमता को और मजबूती मिली है। नीलगिरि श्रेणी की परियोजना 17ए के सातवें और अंतिम अत्याधुनिक युद्धपोत ‘विंध्यगिरि’ (वाई-3024) को 27 नवंबर 2026 को कोलकाता में भारतीय नौसेना को सौंप दिया गया। इसका निर्माण गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स लिमिटेड (जीआरएसई) ने किया है। इसके साथ ही परियोजना 17ए के तहत सभी सात युद्धपोतों की सुपुर्दगी पूरी हो गई है।
तीनों मोर्चों पर दुश्मन को देगा चुनौती
कर्नाटक की विंध्यगिरि पर्वत श्रृंखला के नाम पर रखे गए इस युद्धपोत में अत्याधुनिक हथियार प्रणालियां, आधुनिक सेंसर और उन्नत तकनीकें लगाई गई हैं। यह सतह से होने वाले हमलों, हवाई खतरों और पनडुब्बियों के खिलाफ कार्रवाई करने में सक्षम है।

इसमें आधुनिक संयुक्त डीजल अथवा गैस टरबाइन प्रणोदन प्रणाली (सीओडीओजी) और एकीकृत प्लेटफॉर्म प्रबंधन प्रणाली भी लगाई गई है। ये तकनीकें युद्धपोत की संचालन क्षमता, निगरानी और युद्धक दक्षता को बढ़ाती हैं।
84 महीने की जगह 68 महीने में निर्माण
विंध्यगिरि का निर्माण भारतीय जहाज निर्माण क्षेत्र की बढ़ती तकनीकी दक्षता का प्रमाण है। परियोजना 17ए के पहले युद्धपोत आईएनएस नीलगिरि के निर्माण में 84 महीने लगे थे, जबकि विंध्यगिरि को महज 68 महीने में तैयार कर लिया गया। इस परियोजना के सभी सात युद्धपोत पहले युद्धपोत की सुपुर्दगी के 23 महीनों के भीतर नौसेना को मिल गए हैं।
200 से अधिक एमएसएमई का योगदान
इस युद्धपोत में लगभग 75 प्रतिशत स्वदेशी सामग्री का इस्तेमाल किया गया है। इसके निर्माण में 200 से अधिक सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) ने योगदान दिया। परियोजना से करीब 4,000 लोगों को प्रत्यक्ष और 10,000 से अधिक लोगों को अप्रत्यक्ष रोजगार मिला है। विंध्यगिरि की सुपुर्दगी रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर भारत और स्वदेशी युद्धपोत निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।
Tegs: #Navy-gets-indigenous-warship-vindhyagiri-a-big-achievement-of-self-reliant-india
![]()













Leave a Reply