Advertisement

संविधान बदलने का सपना देखने वालों को जनता कभी कामयाब नहीं होने देगी-नायक

एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। संविधान मार्च की सफलता से भाजपा की संविधान विरोधी राजनीति को करारा जवाब दिया गया है। संविधान बदलने का सपना देखने वालों को देश की जनता कभी कामयाब नहीं होने देगी। संविधान की किताब हाथ में लेकर दिखावा करने से भाजपा का इतिहास नहीं बदल जाएगा। पहले बाबा साहेब के संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति अपनी निष्ठा साबित करे भाजपा। उक्त बाते प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता विजय शंकर नायक ने संविधान दिवस पर 26 नवंबर को कही।

झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी द्वारा भारतीय संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों एवं नागरिकों के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के संकल्प के साथ आयोजित संविधान मार्च यात्रा की शानदार सफलता पर प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता विजय शंकर नायक ने सभी नेताओं, कार्यकर्ताओं, सामाजिक संगठनों एवं आम रहिवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यात्रा में उमड़ा जनसमर्थन भाजपा के लिए स्पष्ट संदेश है कि देश की जनता संविधान, लोकतंत्र और अपने अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी तरह सजग है।

उन्होंने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि जो भाजपा कभी संविधान की समीक्षा और बदलाव की बहसों को लेकर विवादों में रही, आज वही संविधान गौरव दिवस मनाने का दिखावा कर रही है। आखिर भाजपा किस मुंह से संविधान गौरव की बात करती है? उन्होंने कहा कि संविधान की किताब हाथ में लेकर तस्वीरें खिंचवाने से निष्ठा साबित नहीं होती। भाजपा को अपने आचरण से संविधान के प्रति प्रतिबद्धता दिखानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान किसी आरएसएस की विचारधारा या भाजपा की राजनीतिक सुविधा की जागीर नहीं है। यह बाबा साहेब डॉ भीमराव अंबेडकर और संविधान सभा की ऐतिहासिक देन है, जिसने दलितों, आदिवासियों, पिछड़ों और वंचितों को समानता, सम्मान और अधिकारों की गारंटी दी। संविधान को कमजोर करने की कोई भी कोशिश करोड़ों देशवासियों के अधिकारों पर सीधा हमला है।

नायक ने सवाल किया कि भाजपा एक तरफ बाबा साहेब का गुणगान करती है और दूसरी तरफ सामाजिक न्याय, आरक्षण तथा संवैधानिक मूल्यों पर उठने वाले सवालों का स्पष्ट जवाब देने से बचती है। कहा कि बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने से कोई उनका अनुयायी नहीं बन जाता।

उनके विचारों और संविधान के प्रति सच्ची निष्ठा अपने आचरण से साबित करनी पड़ती है। भाजपा और आरएसएस को अपने वैचारिक दोहरेपन पर जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सत्ता स्थायी नहीं होती, लेकिन संविधान सर्वोपरि होता है। कहा कि कांग्रेस पार्टी राहुल गांधी के नेतृत्व में बाबा साहेब के संविधान, आरक्षण, सामाजिक न्याय, धर्मनिरपेक्षता और लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्वतंत्रता की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी। संविधान मार्च यात्रा इसी जनजागरण अभियान की महत्वपूर्ण कड़ी है।

नायक ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश सहित सभी वरिष्ठ नेताओं, आयोजन समिति, जिला एवं प्रखंड कांग्रेस कमेटियों, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवादल और तमाम कांग्रेसजनों को यात्रा की सफलता के लिए बधाई एवं धन्यवाद दिया। भाजपा कान खोलकर सुन ले संविधान किसी सत्ता की कृपा से नहीं, देशवासियों के संघर्ष और संकल्प से बना है। संविधान की किताब हाथ में लेकर पाखंड करना बंद करे। इसे बदलने, कमजोर करने या इसकी मूल भावना से खिलवाड़ करने की किसी भी कोशिश का कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से पुरजोर विरोध करेगी। कहा कि संविधान बचेगा, तभी लोकतंत्र बचेगा और आमजन के अधिकार सुरक्षित रहेंगे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *