प्रमाण पोर्टल का शुभारंभ, पुस्तक का विमोचन व् वीडियो का अनावरण
सीसी एवं पीआर निर्मित सीसीएल के लोगों का नया आउटरो लॉंच
एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। झारखंड की राजधानी रांची स्थित सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) मुख्यालय के गंगोत्री कन्वेंशन सेंटर संगम सभागार में 26 नवंबर को सतर्कता जागरूकता अभियान का समापन समारोह आयोजित कर किया गया। समारोह में सीवीओ कोल इंडिया लिमिटेड ब्रजेश कुमार त्रिपाठी, सीसीएल के सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह, निदेशक(मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र एवं मुख्य सतर्कता अधिकारी पंकज कुमार सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। इस अवसर पर प्रमाण पोर्टल का शुभारंभ, एक पुस्तक का विमोचन तथा अभियान पर आधारित वीडियो का अनावरण किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सीसीएल मुख्यालय में समारोह का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत से किया गया। वंदे मातरम् एवं कोल इंडिया के कॉरपोरेट गीत के उपरांत डीएवी पब्लिक स्कूल गांधीनगर के विद्यार्थियों ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। सीसीएल के मुख्य सतर्कता अधिकारी पंकज कुमार ने स्वागत संबोधन दिया।
मौके पर सीवीओ पंकज कुमार ने कहा कि सतर्कता को केवल शिकायतों अथवा अनियमितताओं की जांच तक सीमित न रखकर दैनिक कार्यप्रणाली का हिस्सा बनाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि कमांड क्षेत्र के अनेक विद्यालयों ने भी इस अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अन्य प्रतिभागियों की सक्रिय भागीदारी ने इस अभियान को तथा इसके संदेश को जन-जन तक संप्रेषित किया। सीआईएल सीवीओ ब्रजेश कुमार त्रिपाठी ने शानदार आयोजन के लिए सीसीएल परिवार को साधुवाद देते हुए कहा कि कोल इंडिया लिमिटेड का प्रत्येक कर्मचारी कंपनी का ब्रांड एंबेसडर है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि किसी भी प्रकार की अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए और प्रत्येक कर्मी को ईमानदारी, पारदर्शिता एवं नैतिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता बनाए रखनी चाहिए। उन्होंने कहा है कि कोल इंडिया का भ्रष्टाचार के प्रति ज़ीरो टॉलरेंस है।
सतर्कता के इस मुहिम में हमारे सारे कर्मी बढ़ चढ़कर भाग ले रहे हैं। परिणामस्वरूप सीआइएल नए कीर्तिमान रच रही है।सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह ने कहा कि सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम के रूप में सीसीएल की जिम्मेदारी उत्पादन एवं परिचालन लक्ष्यों की प्राप्ति के साथ-साथ सार्वजनिक संसाधनों का विवेकपूर्ण और पारदर्शी उपयोग सुनिश्चित करना भी है। उन्होंने कहा कि सभी को निर्धारित नियमों एवं प्रक्रियाओं का पूरी निष्ठा से अनुपालन करना चाहिए। साथ ही, कार्यों को बेहतर और प्रभावी ढंग से संपन्न करने के लिए आपसी समन्वय को सतर्कता का सर्वश्रेष्ठ रूप बताया। कहा कि इस अभियान के तहत 1,600 से अधिक यूनिट रक्त का संग्रह किया गया, जो सीसीएल परिवार और समाज की सामूहिक सहभागिता का सराहनीय उदाहरण है।
मौके पर निदेशक(मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र ने कहा कि किसी भी संगठन में सत्यनिष्ठा की संस्कृति उसके प्रत्येक कर्मचारी के आचरण से सुदृढ़ होती है। उन्होंने प्रशिक्षण, जागरूकता और संवाद के माध्यम से कर्मचारियों को नियमों एवं उनकी जिम्मेदारियों से अवगत कराने की आवश्यकता पर बल दिया। समारोह के दौरान प्रमाण पोर्टल का शुभारंभ तथा पुस्तक का विमोचन किया गया, जो कार्य अनुभव प्रमाण पत्रों को जारी करने एवं उनकी सत्यता की जांच की प्रक्रिया को अधिक सरल, पारदर्शी और विश्वसनीय बनाएगा। इसके उपरांत पुरस्कार वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं, नोडल ऑफिसर, विभागों को पुरस्कृत किया गया। सतर्कता जागरूकता अभियान-2026 के अंतर्गत चरही (हजारीबाग) क्षेत्र को प्रथम पुरस्कार प्रदान किया गया। वहीं, सीसी एवं पीआर द्वारा सीसीएल का नया एवं आकर्षक आउटरो भी लॉन्च किया गया। जिसे सभी ने काफ़ी सराहा। मंच संचालन वरीय प्रबंधक सुगंधा वर्मा एवं मोहित जैन द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। धन्यवाद ज्ञापन एवं राष्ट्रगान के साथ सतर्कता जागरूकता अभियान का समापन समारोह संपन्न हो गया।
![]()













Leave a Reply