अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला में 26 नवंबर को आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मेले की रौनक को और बढ़ा दिया। रंगारंग एवं मनमोहक प्रस्तुतियों ने मेला दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे और उन्होंने प्रस्तुतियों का भरपूर आनंद उठाया।
जानकारी के अनुसार जिला प्रशासन सारण की ओर से आयोजित कार्यक्रम के तहत अपराह्न 2 बजे से 4 बजे तक सांस्कृतिक मंच पर दो विशेष प्रस्तुतियां आयोजित की गई। इस क्रम में गायिका नंदिनी मिश्रा द्वारा गायन की मनमोहक प्रस्तुति दी गई, वहीं सीपीएस स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा लोकनृत्य की आकर्षक प्रस्तुति दी गई। दोनों प्रस्तुतियों ने दर्शकों का दमदार मनोरंजन किया। कलाकारों एवं विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुति पर दर्शकों ने तालियों के साथ उनका उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर सीपीएस स्कूल के छात्राओं ने जय बिहार, जय बिहार गीत के साथ जिया हो बिहार के लाला तथा छठ पर्व पर आधारित रीमिक्स गीतों की आकर्षक प्रस्तुति दी। जिसमें प्रकाश श्रीवास्तव और शिक्षक-वृंद भी उपस्थित रहे। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए छात्राओं को जिला प्रशासन की ओर से स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन उद्घोषक एवं रंगकर्मी विट्ठल नाथ सूर्य ने अपने निराले अंदाज में किया। वहीं, सारण जिला मुख्यालय छपरा के जलालपुर रहिवासी नंदिनी मिश्रा ने जय-जय सुर नायक जन सुखदायक, तोरा मन दर्पण कहलाए, सांसों की माला पे सिमरूं, सुंदर सुभूमि भैया भारत के देसवा और बटोही जैसे कर्णप्रिय गीत गाकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनकी मानो तो मैं गंगा माँ हूँ की भावपूर्ण प्रस्तुति ने मेला दर्शकों को कुछ क्षणों के लिए स्तब्ध और खामोश कर दिया। बेहतरीन प्रस्तुति के लिए उन्हें जिला प्रशासन द्वारा सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में केवीएस म्यूजिकल ग्रुप छपरा के वाद्य-वृंद व कलाकारों का सराहनीय योगदान रहा। जबकि, कार्यक्रम स्थल पर बच्चों, युवाओं, महिलाओं एवं बुजुर्गों सहित सभी आयु वर्ग के दर्शकों की उत्साहपूर्ण सहभागिता देखने को मिली। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के दौरान मेले में उल्लासपूर्ण एवं जीवंत माहौल बना रहा।
![]()













Leave a Reply