Advertisement

केंद्रीय विद्यालय बोकारो थर्मल में उत्साहपूर्ण संविधान दिवस का आयोजन

सामूहिक प्रस्तावना वाचन के साथ ली गई संविधान की शपथ

एस. पी. सक्सेना​/बोकारो। बोकारो जिला के हद में बेरमो प्रखंड के केंद्रीय विद्यालय बोकारो थर्मल में 26 नवंबर को संविधान दिवस उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। विद्यालय की प्रार्थना सभा में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य डॉ बी. आर. डे ने दीप प्रज्वलित कर एवं भारत के संविधान को नमन करते हुए किया।

​इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षकों और विद्यार्थियों ने शपथ मुद्रा में संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया और संवैधानिक मूल्यों के पालन की शपथ ली। ​अपने संबोधन में प्राचार्य डॉ डे ने कहा कि प्रतिवर्ष 26 नवंबर को संविधान अंगीकृत किए जाने की स्मृति में संविधान दिवस मनाया जाता है। उन्होंने बताया कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा द्वारा अंगीकृत यह संविधान 26 जनवरी 1950 को पुरे देश में लागू किया गया। डॉ बी. आर. आंबेडकर के नेतृत्व में संविधान निर्माताओं के योगदान को याद करते हुए उन्होंने कहा कि संविधान केवल नियमों या कानून की किताब नहीं, बल्कि लोकतंत्र की आत्मा है।

​प्राचार्य ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि संवैधानिक मूल्यों की शुरुआत दैनिक जीवन और विद्यालय परिसर से ही होती है। उन्होंने समानता के सम्मान, मौलिक अधिकारों के साथ मौलिक कर्तव्यों के निर्वहन, अनुशासन, सार्वजनिक संपत्ति व पर्यावरण की रक्षा तथा मतभेदों को शांतिपूर्ण संवाद से सुलझाने पर बल दिया। अंत में उन्होंने सभी से संविधान के आदर्शों को व्यवहार में उतारने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान आर. के. पाठक सहित विद्यार्थियों ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए संविधान दिवस के ऐतिहासिक और व्यावहारिक महत्व पर प्रकाश डाला। पूरे कार्यक्रम का संचालन दिव्या सरोज ने किया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *