प्रहरी संवाददाता/गोमिया (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में गोमिया के आईएल स्थित विद्युत पावर सब स्टेशन परिसर में 26 नवंबर को बिजली उपभोक्ताओं की शिकायत सुनवाई का आयोजन किया गया। शिकायतों को लेकर सहायक विद्युत अभियंता ने त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिया।
जानकारी के अनुसार झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (जेबीवीएनएल) के तेनुघाट प्रमंडल द्वारा उपभोक्ताओं की शिकायतों के निराकरण के लिए गोमिया पावर सब स्टेशन परिसर में शिकायत सुनवाई का आयोजन किया गया था। सुनवाई में दर्जनों बिजली उपभोक्ता उपस्थित होकर अपनी-अपनी शिकायतों से संबंधित आवेदन दिया। अधिकांश मामलों में तत्क्षण जांच की गई।
बताया जाता है कि गोमिया प्रखंड के हद में साड़म रहिवासी उपभोक्ता नारायण चौधरी, तजमूल अंसारी, अयूब अंसारी, मोहम्मद फैजान अंसारी, संतोष कुमार हलदार, सीधाबारा रहिवासी मोहन रविदास आदि बिजली उपभोक्ताओं के ओवर बिलिंग के पिछले एक वर्ष से लंबित शिकायतों की जांच कर शिकायत की पुष्टि की गई। वहीं नरकी रहिवासी विद्युत उपभोक्ता शंभू चरण महतो ने अपने लिखित शिकायत में स्मार्ट मीटर की गड़बड़ी का मामला उठाया और सत्यता का पता करने के लिए स्थल जांच का आग्रह किया। उल्लेखनीय है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद उक्त उपभोक्ता का एक किलोवाट का बिल अचानक बढ़कर 4 किलोवाट हो गया।
इस अवसर पर उपस्थित भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के बोकारो जिला सचिव एवं झारखंड आंदोलनकारी इफ्तेखार महमूद ने कहा कि चोरी से हुए घाटे को एडजस्ट करने के लिए वैध उपभोक्ताओं के बिलों को बेतहाशा बढ़ा दिया जा रहा है। महमूद ने कहा कि पिछले 10 वर्षों से भी अधिक समय से बिजली चोरी कर रहे एक रहिवासी के संबंध में जब सक्षम अधिकारी को सूचना दी गई तो उस बिजली चोर को तुरंत कनेक्शन आवंटित कर दिया गया। मौके पर विद्युत अवर प्रमंडल कथारा के सहायक विद्युत अभियंता राजेश बिरवा ने प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करने का भरोसा दिया।
![]()













Leave a Reply