मुश्ताक खान/मुंबई। मुंबई पर हुए 26/11 के भीषण आतंकी हमले की 17वीं बरसी पर आरसीएफ पुलिस स्टेशन में शहीदों की स्मृति में विशेष श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाओं ने एकजुट होकर आतंकवाद की कड़ी निंदा की तथा देश की रक्षा में अपने प्राण न्योछावर करने वाले पुलिसकर्मियों, सुरक्षाकर्मियों और निर्दोष नागरिकों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। आरसीएफ पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ अधिकारी दत्तात्रय पाटिल की पहल पर आयोजित इस सभा में मनपा वार्ड क्रमांक 152 की नगरसेविका आशा मराठे, उनके पति सुभास मराठे सहित क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम में स्थानीय महिलाओं की उल्लेखनीय भागीदारी ने आयोजन को विशेष स्वरूप प्रदान किया।
गौरतलब है कि शहीदों के चित्रों से सुसज्जित श्रद्धांजलि बैनर के समक्ष उपस्थित लोगों ने पुष्प अर्पित कर वीर जवानों के अदम्य साहस, देशभक्ति और सर्वोच्च बलिदान को नमन किया। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि 26 नवंबर 2008 को मुंबई पर हुआ आतंकी हमला देश के इतिहास का ऐसा काला अध्याय है, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। आतंकियों का मुकाबला करते हुए मुंबई पुलिस के जांबाज अधिकारियों और जवानों ने अदम्य साहस तथा कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल पेश की थी। उनकी शहादत देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बनी रहेगी। सभा में आतंकवाद के खिलाफ एकजुट होकर खड़े रहने और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने का आह्वान किया गया।

वक्ताओं ने कहा कि देश की एकता और अखंडता की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय से ही सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाया जा सकता है। इस अवसर पर भारतीय संविधान दिवस के उपलक्ष्य में संविधान के मूल्यों, लोकतांत्रिक आदर्शों और संवैधानिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति निष्ठा बनाए रखने का संकल्प भी लिया गया। आरसीएफ पुलिस स्टेशन में आयोजित यह श्रद्धांजलि सभा शहीदों के प्रति सम्मान, राष्ट्रीय एकता और आतंकवाद के विरुद्ध सामूहिक प्रतिबद्धता का संदेश देकर संपन्न हुई।
Tegs: #Heartfelt tribute paid to 26/11 martyrs at RCF Police Station
![]()













Leave a Reply