Advertisement

विक्रम पांडेय के पहल पर भोपाल-धनबाद का फुसरो में ठहराव पर मंत्री की पहल

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। भाजपा झारखंड प्रदेश कार्यसमिति सदस्य विक्रम पांडेय के पहल के बाद केंद्रीय रेल राज्य मंत्री ने भोपाल-धनबाद साप्ताहिक ट्रेन का फुसरो में ठहराव को लेकर कार्रवाई की पहल की गयी है। वहीं गोमो-बरकाकाना रेलखंड पर फ्लाईओवर/अंडरपास बनाने की स्वीकृति दी गयी है।

बोकारो जिला के हद में बेरमो क्षेत्र में रेल सुविधाओं और यातायात से जुड़ी समस्याओं को लेकर भाजपा नेता विक्रम पांडेय ने दिल्ली प्रवास के दौरान केंद्रीय रेल एवं जल शक्ति राज्य मंत्री वी. सोमन्ना से मुलाकात कर आमजनों से जुड़ी महत्वपूर्ण मांगों को उनके समक्ष रखा था। पांडेय ने मुलाकात के दौरान गोमो–बरकाकाना रेलखंड पर फ्लाईओवर/अंडरपास निर्माण की मांग के साथ-साथ फुसरो रेलवे स्टेशन पर दो महत्वपूर्ण साप्ताहिक ट्रेनों के ठहराव की मांग रखी थी।

उनका कहना था कि इन सुविधाओं से क्षेत्र के यात्रियों और आमजनों को काफी राहत मिलेगी। मंत्री कार्यालय से बीते 10 अगस्त को भेजे गये पत्र में बताया गया है कि पांडेय द्वारा की गई मांगों को संबंधित निदेशालय में आगे की कार्रवाई के लिए भेज दिया गया है। इनमें गाड़ी संख्या 11631/32 भोपाल-धनबाद तथा गाड़ी संख्या 13379/80 धनबाद–लोकमान्य तिलक टर्मिनल साप्ताहिक ट्रेनों का फुसरो स्टेशन पर ठहराव शामिल है।

ज्ञात हो कि, गोमो-बरकाकाना रेलखंड पर फ्लाईओवर या अंडरपास निर्माण की मांग भी क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इस रेलखंड से जुड़े मार्गों पर यातायात को सुगम बनाने और आमजनों को आवागमन में सुविधा देने के लिए लंबे समय से ऐसे समाधान की जरूरत महसूस की जाती रही है। फुसरो स्टेशन पर इन ट्रेनों के ठहराव से क्षेत्र के रहिवासियों को धनबाद, भोपाल और मुंबई की ओर रेल यात्रा में सुविधा मिलने की उम्मीद है।

वहीं फ्लाईओवर अथवा अंडरपास बनने से रेल आवागमन और सड़क यातायात के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हो सकता है। भाजपा नेता विक्रम पांडेय की इस पहल को क्षेत्र की रेल सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को उच्च स्तर तक पहुंचाने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है। पांडेय ने 17 अगस्त को कहा कि क्षेत्र के रहिवासियों से जुड़े प्रत्येक मुद्दों को संबंधित अधिकारियों और मंत्रालय तक पहुंचाकर उनके समाधान का प्रयास आगे भी जारी रहेगा।

उन्होंने जनहित की इन मांगों पर सकारात्मक संज्ञान लेते हुए उन्हें संबंधित निदेशालय में आगे की कार्रवाई के लिए भेजने पर रेल एवं जल शक्ति राज्य मंत्री वी. सोमन्ना के प्रति आभार व्यक्त किया है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *