Advertisement

उपायुक्त ने सुनीं आमजनों की समस्या, 22 मामलों के त्वरित निष्पादन का निर्देश

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला समाहरणालय सभागार में 18 अगस्त को हम आपको सुनते हैं (लोक संवाद) कार्यक्रम का आयोजन किया गया। आयोजित ‘हम आपको सुनते हैं (लोक संवाद) कार्यक्रम में उपायुक्त अजय नाथ झा ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे रहिवासियों की समस्या एवं शिकायतें सुनीं।

बताया जाता है कि जन सुनवाई के दौरान कुल 22 मामले सामने आए। इनमें भूमि विवाद, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ, बिजली, राशन कार्ड समेत अन्य जनहित से जुड़े मामले शामिल थे। उपायुक्त ने सभी मामलों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

इस अवसर पर उपायुक्त झा ने कहा कि जिला प्रशासन आमजनों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। लोक संवाद के माध्यम से समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जा रहा है, ताकि आमजन को सरकारी कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर नहीं लगाना पड़े।

उपायुक्त ने अधिकारियों को आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन करते हुए निर्धारित समय सीमा में कार्रवाई प्रतिवेदन उपलब्ध कराने तथा आवेदकों को कार्रवाई की जानकारी देने का निर्देश दिया। मौके पर उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन, अपर समाहर्ता सुनील चन्द्र, प्रभारी पदाधिकारी जन शिकायत हेमलता बून, एडीडीएस सुचिता किरण, एपीआरओ अविनाश कुमार सिंह सहित संबंधित पदाधिकारीगण मौजूद रहे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *