Advertisement

रचनात्मकता व् आत्मविश्वास ही सफलता की असली पहचान-कैसर सुनील

रणविजय मेमोरियल संस्कार पब्लिक स्कूल में विद्यार्थियों को दिए गये सफलता के सूत्र

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के रणविजय मेमोरियल संस्कार पब्लिक स्कूल खैराचातर में बीते 28 जुलाई को विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए प्रेरक कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में लेखक, कवि, शोधकर्ता एवं आध्यात्मिक चिंतक कैसर सुनील कल्पवृक्ष ने रचनात्मक सोच, व्यक्तित्व विकास और जीवन में सफलता के विभिन्न आयामों पर विस्तार से अपने विचार रखे।

इस अवसर पर कल्पवृक्ष ने कहा कि आज के समय में केवल ज्ञान अर्जित करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसे सही दिशा में प्रयोग करने की क्षमता ही इंसान को सफल बनाती है। उन्होंने विद्यार्थियों को सृजनात्मक लेखन, प्रभावी चिंतन, निर्णय क्षमता और आत्मविश्वास विकसित करने के लिए नियमित अभ्यास तथा सकारात्मक सोच अपनाने की सलाह दी। इस दौरान उन्होंने बिगेस्ट सॉल्यूशन मेकर, क्रिया विज्ञान तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के दौर में बेहतर सोच और लेखन कौशल विकसित करने के अपने अनुभव भी साझा किए।

कार्यशाला में वैद्य मनोज महतो ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए स्वस्थ जीवन शैली, मानसिक संतुलन और अच्छे संस्कारों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर और सकारात्मक विचार ही उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव हैं। कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों और शिक्षकों ने विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछे, जिनका कैसर सुनील कल्पवृक्ष ने सहज एवं प्रेरक ढंग से उत्तर दिया। विद्यालय की प्राचार्या विभा पांडेय ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और नवाचार की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

इस अवसर पर शिक्षक अब्दुल शाहिद, राजीव रंजन, रंजीत कुमार, सरिता कुमारी, सविता पांडेय, छोटेलाल ठाकुर, अब्दुल हसन, धनेश्वर महतो, डिंपल कुमारी, साकिया खातून, आकांक्षा कुमारी, कंचन कुमारी सहित विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिका उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *