ग्लोबल एक्टिव सिटी का उद्देश्य खेल-कूद व क्रियाशील स्वास्थ्य खुशहाल एवं निरोग समाज का निर्माण करना है
एस.पी.सक्सेना/बोकारो। ग्लोबल एक्टिव सिटी कार्यक्रम का एक वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जिला उपायुक्त राजेश सिंह (Deputy commissioner Rajesh singh) एवं पुलिस अधीक्षक चंदन कुमार झा की संयुक्त अध्यक्षता में 19 जनवरी को समाहरणालय सभाकक्ष में प्रेसवार्ता का आयोजन किया गया।
प्रेसवार्ता के दौरान उपायुक्त राजेश सिंह ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति समर्थित इस ग्लोबल एक्टिव सिटी का उद्देश्य खेल-कूद के माध्यम से क्रियाशील स्वास्थ्य खुशहाल एवं निरोग समाज का निर्माण करना है। ताकि हमारे नागरिक एवं आने वाली पीढ़ी सभी क्षेत्रों में अव्वल बन सके। उपायुक्त सिंह ने कहा कि आज 19 जनवरी को सभी बोकारो वासियों के साथ संपूर्ण देश के लिए बहुत गौरव का दिन है। एक वर्ष पूर्व इसी दिन अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति द्वारा समर्थित महत्वपूर्ण वैश्विक कार्यक्रम ग्लोबल एक्टिव सिटी में पूरे देश से एकमात्र एवं झारखंड के प्रथम शहर के रूप में बोकारो स्टील सिटी का चयन एवं लोकार्पण हुआ था। कोरोना काल के बावजूद लोगों ने सफलतापूर्वक इस मुहिम को सफल बनाने का प्रयास किया। इसमें खेल से जुड़े सभी संगठनों, संस्थानों के साथ आम जनता एवं प्रेस मीडिया का भरपूर सहयोग रहा। इसके लिए जिला प्रशासन सभी का आभार व्यक्त करता है।
उन्होंने कहा कि ग्लोबल एक्टिव सिटी प्रोग्राम के लिए जिला स्तर पर एक कार्यालय खोला जायेगा ताकि आगे भी इसे क्रियान्वित व बरकरार रखा जा सके। साथ ही कहा कि इस कार्य में जयदीप सरकार की अहम भूमिका रही है। जो जिला प्रशासन एवं सेल प्रबंधन के बीच सेतु स्थापित करने का काम किया तथा इस कार्यक्रम को सफलता पूर्वक संचालन किया। जिला उपायुक्त राजेश सिंह ने कहा कि इस एक वर्ष में फरवरी 2020 के महीने में जिला प्रशासन द्वारा चास नगर निगम के माध्यम से नगर के वयोवृद्ध नागरिकों के लिए मेगाहेल्थ कैंप का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया था। तत्पश्चात मार्च 2020 में बोकारो में इंडो जर्मन स्पोर्ट वर्कशॉप का आयोजन करने का प्रयास किया गया था। दु:खद रहा कि कोविड-19 के कारण वर्कशॉप का आयोजन नहीं किया जा सका। उन्होंने कहा कि ग्लोबल एक्टिव सिटी की ओर से अगस्त 2020 में राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर बोकारो शहर के प्रतिष्ठित राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम के तहत यह निर्णय लिया गया कि बोकारो के चिन्हित मार्गो को प्रत्येक दूसरी रविवार को सुबह दो घंटे के लिए ट्रैफिक फ्री जोन घोषित होंगे।
प्रेसवार्ता के दौरान उप विकास आयुक्त जयकिशोर प्रसाद, अपर समाहर्ता विजय कुमार गुप्ता, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी राहुल कुमार भारती आदि उपस्थित थे।
![]()












Leave a Reply