Advertisement

एआईएसएमजेडब्ल्यूए प्रदेश अध्यक्ष ने की बाबा नगरी में बाबा बैद्यनाथ का दर्शन

ममता सिन्हा/तेनुघाट (बोकारो)। झारखंड के महागामा में ऑल इंडिया स्मॉल एंड मीडियम जर्नलिस्ट वेलफेयर एसोसिएशन (एआईएसएमजेडब्ल्यूए) के पत्रकार सुरक्षा कानून सह विचार मंच का कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। कार्यक्रम के पश्चात एआईएसएमजेडब्ल्यूए के प्रदेश अध्यक्ष नरेश प्रसाद श्रीवास्तव, प्रदेश कानूनी सलाहकार सुभाष कटरियार एवं बोकारो जिलाध्यक्ष प्रशांत कुमार सिन्हा तेनुघाट लौटते समय बीते 7 जून की संध्या बेला में बाबा नगरी देवघर विश्राम किया।

जानकारी के अनुसार एसोसिएशन के उपरोक्त तीनों पदाधिकारियों ने 8 जून को विश्व प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ धाम पहुँचकर बाबा भोलेनाथ का विधिवत दर्शन-पूजन किया। सौभाग्य से उस समय मंदिर परिसर में देवघर जेल से निकलने वाली पारंपरिक एवं ऐतिहासिक सिंगारी पूजा का आयोजन चल रहा था। एआईएसएमजेडब्ल्यूए के पदाधिकारी भी पूर्ण श्रद्धा भाव से इस दिव्य पूजा में सम्मिलित हुए।

पूजा के मध्य प्रदेश कानूनी सलाहकार सुभाष कटरियार ने बाबा बैद्यनाथ के सिंगार हेतु फूलों से निर्मित मुकुट को अपने कंधे पर धारण कर पवित्र मुकुट देवघर जेल स्थित मंदिर से पूरे विधि-विधान एवं भक्ति भाव के साथ मंदिर परिसर में पूजा अर्चना की। मुकुट लेकर चलते समय प्रदेश अध्यक्ष नरेश प्रसाद श्रीवास्तव, सुभाष कटरियार और प्रशांत कुमार सिन्हा सहित उपस्थित श्रद्धालुओं ने बोल बम तथा बाबा बैद्यनाथ की जय के गगनभेदी उद्घोष किए।

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष श्रीवास्तव एवं अन्य पदाधिकारियों ने जेलर प्रमोद कुमार के सहयोग और आत्मीय आतिथ्य सत्कार की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि जेलर ने न केवल दर्शन में सुगमता प्रदान की, बल्कि सिंगारी पूजा की महत्ता से भी अवगत कराया। उनका व्यवहार अत्यंत सराहनीय रहा। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष श्रीवास्तव ने कहा कि महागामा सम्मेलन में पत्रकार सुरक्षा कानून और संगठन के विस्तार पर सार्थक चर्चा की गयी।

बाबा बैद्यनाथ से पत्रकारों की सुरक्षा, कल्याण एवं संगठन की मजबूती की कामना की गई। प्रदेश कानूनी सलाहकार कटरियार ने बताया कि जेल से निकलने वाली यह सिंगारी पूजा सदियों पुरानी परंपरा है। मान्यता है कि इसमें सम्मिलित होने से सभी कष्टों का निवारण होता है। बोकारो जिलाध्यक्ष सिन्हा ने कहा कि बाबा का आशीर्वाद लेकर संगठन अब दोगुने उत्साह से पत्रकार हित में कार्य करेगा। दर्शन-पूजन एवं जेलर प्रमोद कुमार से भेंट के पश्चात तीनों पदाधिकारी बोकारो जिला के हद में तेनुघाट के लिए प्रस्थान कर गए।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *