Advertisement

पीएम मोदी के नशामुक्ति अभियान से लाइव जुड़े चिन्मय विद्यालय के विद्यार्थी

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। चिन्मय विद्यालय बोकारो के सेमिनार हॉल में 2 अगस्त को विकसित भारत के लिए नशा मुक्त युवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के 350 से अधिक विद्यार्थी एवं शिक्षक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रव्यापी संबोधन से लाइव जुड़े।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए स्वस्थ, अनुशासित जीवन शैली अपनाने तथा विकसित भारत के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय परिसर में शांति पाठ एवं गीता पंचामृत के सस्वर पाठ से किया गया। इसके बाद विद्यार्थियों ने प्रेरक भाषण, स्लैम पोएट्री और नशामुक्ति पर आधारित प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। समारोह में उपस्थित सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अतिथियों ने नशा मुक्त भारत की शपथ लेते हुए स्वयं नशे से दूर रहने और समाज को जागरूक करने का संकल्प लिया।

लाइव शो के अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि युवा देश की रीढ़ हैं और विकसित भारत का सपना उनके संकल्प, ऊर्जा और अनुशासन से ही साकार होगा। उन्होंने कहा कि नशा केवल एक ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज के भविष्य को प्रभावित करता है। युवाओं को ड्रग्स जैसी बुराइयों से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए।

कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन के पदाधिकारी, प्राचार्य, शिक्षक एवं एनआईसी बोकारो के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। विद्यालय में इस अभियान के तहत पूर्व में भी जागरूकता रैली, वाद-विवाद, शपथ ग्रहण और अन्य जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। कार्यक्रम का संयोजन सुब्रता गुप्ता एवं विद्यालय स्टूडेंट काउंसिल ने किया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *