प्रहरी संवाददाता/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के सोनपुरा रहिवासी समाजसेवी छोगालाल सिंह के आकस्मिक निधन से पूरे कसमार क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
उनके निधन की सूचना मिलते ही क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं भाजपा नेताओं ने गहरा दुःख व्यक्त करते हुए इसे समाज और क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताया। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।
इस अवसर पर कसमार प्रखंड प्रमुख नियोती कुमारी ने कहा कि छोगालाल सिंह समाज के ऐसे व्यक्तित्व थे, जिन्होंने हमेशा आमजनों को जोड़ने और समाजहित में कार्य करने का प्रयास किया। उनका निधन पूरे कसमार प्रखंड के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर उनकी पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा परिजनों को इस दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें।
समाजसेवी ज्ञानेश जायसवाल ने कहा कि छोगालाल सिंह का संपूर्ण जीवन समाज सेवा, सादगी और मानवीय मूल्यों को समर्पित रहा। उनका निधन समाज के लिए ऐसी क्षति है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है। समाजसेवी सूरज जायसवाल ने अपने शोक संदेश में कहा कि वे सभी के सुख-दुःख में सहभागी रहते थे। उनका मिलनसार स्वभाव और समाज के प्रति समर्पण हमेशा आमजनों के दिलों में जीवित रहेगा। सोनपुरा पंचायत के मुखिया चंद्रशेखर हेंब्रम ने कहा कि दिवंगत छोगालाल सिंह पंचायत और समाज के विकास के प्रति सदैव समर्पित रहे। उनका निधन पूरे क्षेत्र के लिए अत्यंत दुःखद और अपूरणीय क्षति है।
भाजपा के वरिष्ठ नेता यदुनंदन जायसवाल ने कहा कि स्वर्गीय छोगालाल सिंह सामाजिक समरसता और जनसेवा के प्रतीक थे। उनका निधन समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। उनकी कमी हमेशा महसूस की जाएगी। कसमार भाजपा के वरिष्ठ नेता लक्ष्मण कुमार नायक ने कहा कि दिवंगत की सादगी, विनम्रता और सेवाभाव ने उन्हें समाज में विशेष पहचान दिलाई। वे सदैव प्रेरणा के स्रोत बने रहेंगे। कसमार प्रखंड भाजपा अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार महतो ने कहा कि छोगालाल सिंह का निधन केवल उनके परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे कसमार क्षेत्र की क्षति है।
उनके आदर्श और समाज सेवा की भावना आने वाली पीढ़ियों का मार्गदर्शन करती रहेगी। खैराचातर मंडल अध्यक्ष आनंद कुमार महतो ने कहा कि समाज ने एक ऐसे अभिभावक को खो दिया है, जिन्होंने जीवनभर सामाजिक एकता और जनकल्याण के लिए कार्य किया। भाजपा खैराचातर मंडल महामंत्री अनीश जायसवाल ने कहा कि छोगालाल सिंह का व्यक्तित्व अत्यंत सरल, सौम्य और प्रेरणादायी था। समाज के प्रति उनका समर्पण हमेशा याद रखा जाएगा। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति एवं शोकाकुल परिवार को इस कठिन घड़ी में संबल प्रदान करें। समाज सेवी ईश्वर रजक ने कहा कि आपस में एकजुटता बनाने में वे आगे रहते थे।
अंत में सभी जनप्रतिनिधियों एवं समाजसेवियों ने दिवंगत को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका योगदान सदैव समाज को प्रेरित करता रहेगा। शोक संवेदना व्यक्त करने वालो में परमेश्वर नायक, रामलाल ठाकुर, राजेश पांडेय, राजेश्वर महतो, मनोहर महतो, सुरेन महतो, किशोर कुमार महतो, पूर्व मुखिया सिकंदर कपरदार, दांतू पंचायत के मुखिया चंद्रशेखर नायक, दुर्गापुर मुखिया अमरेश कुमार महतो आदि शामिल थे।
![]()













Leave a Reply