Advertisement

हिन्दी हाई स्कूल ने मारी बाजी, ज्ञानोदय विद्या मंदिर के नाम रही विजेता शील्ड

विशेष संवाददाता/मुंबई। घाटकोपर पश्चिम स्थित हिन्दी हाई स्कूल में शनिवार को सुरों और संगीत की ऐसी महफिल सजी कि पूरा बैजनाथ साबू सभागृह तालियों से गूंज उठा। शिक्षण महर्षि स्व. आई. डी. सिंह की स्मृति में आयोजित अंतर्विद्यालयीन गीत-गायन प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने अपनी मधुर आवाज और शानदार प्रस्तुतियों से श्रोताओं का मन मोह लिया। कड़ी प्रतिस्पर्धा में मेजबान हिन्दी हाई स्कूल ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि सर्वाधिक अंक और समग्र प्रदर्शन के आधार पर ज्ञानोदय विद्या मंदिर, सावरकर नगर, ठाणे ने विजेता शील्ड अपने नाम की।

कार्यक्रम की अध्यक्षता हिंदी विद्या प्रचार समिति के अध्यक्ष डॉ. राजेन्द्र सिंह ने की। मुख्य अतिथि के रूप में समाजसेवी लालता प्रसाद सिंह तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में विद्यालय के पूर्व प्रधानाचार्य शैलेन्द्र एस. सिंह उपस्थित रहे। निर्णायक मंडल में सुनील तिवारी, ज्ञानेंद्र कुमार और सुश्री अदिति सातपुते शामिल थे। समारोह का शुभारंभ अतिथियों एवं निर्णायक मंडल द्वारा दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। इसके बाद छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की और स्वागत गीत से अतिथियों का अभिनंदन किया। शिक्षिका वंदना सिंह ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए स्व. आई. डी. सिंह के शिक्षा जगत में योगदान को याद किया।

भक्ति, देशभक्ति और लोकधुनों ने बांधा समां

प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने भक्ति गीतों, देशभक्ति के तरानों और लोकधुनों की शानदार प्रस्तुतियों से अपनी गायन प्रतिभा का परिचय दिया। नन्हे कलाकारों के आत्मविश्वास, सुर और ताल के बेहतरीन तालमेल ने निर्णायकों और दर्शकों को प्रभावित किया। प्रतियोगिता में हिन्दी हाई स्कूल प्रथम, ज्ञानोदय विद्या मंदिर द्वितीय और कार्तिका हाई स्कूल तृतीय स्थान पर रहा। ज्ञानोदय विद्या मंदिर की दूसरी टीम ने चतुर्थ स्थान प्राप्त किया।

निर्णायकों ने प्रतिभागियों की सराहना करते हुए निरंतर अभ्यास का संदेश दिया। अध्यक्षीय संबोधन में डॉ. राजेन्द्र सिंह ने कहा कि संगीत बच्चों के मन को संस्कारित करने के साथ उनके व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। अंत में विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए गए। शिक्षिका शशिकला सिंह ने आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।

Tegs: #Hindi-high-school-won-the-winning-shield-in-the-name-of-gyanodaya-vidya-mandir

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *