रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड क्षेत्र में निर्माणाधीन सड़क परियोजना में कार्यरत कंपनी एचजी इंफ्रा की कार्यशैली के खिलाफ स्थानीय ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा है। सड़क पर नियमित रूप से पानी का छिड़काव नहीं किए जाने से नाराज ग्रामीणों ने 27 नवंबर को कंपनी के भारी वाहनों (हाईवा) का परिचालन रोक दिया। ग्रामीणों ने दो-टूक शब्दों में चेतावनी दी है कि जब तक सड़क पर पानी नहीं डाला जाएगा, तब तक एक भी हाईवा को चलने नहीं दिया जाएगा।
आक्रोशित ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण कार्य में लगे हाईवा वाहनों की दिन-रात आवाजाही के कारण सड़क पर धूल का भारी गुबार उड़ रहा है। इससे न केवल राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों को आवागमन में भारी परेशानी हो रही है, बल्कि सड़क किनारे बसे घरों में रहना और सांस लेना भी दूभर हो गया है। धूल के कारण बच्चों और बुजुर्गों में स्वास्थ्य संबंधी बीमारियों का खतरा बढ़ गया है, वहीं आसपास की फसलें और दुकानें भी प्रभावित हो रही हैं।
आक्रोशित रहिवासियों ने कंपनी प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पूर्व में कई बार मौखिक रूप से सड़क पर जल छिड़काव कराने की मांग की गई थी, लेकिन प्रबंधन ने इस पर कोई ध्यान नहीं दिया। मजबूर होकर ग्रामीणों को सड़क पर उतरकर हाईवा रोकना पड़ा। ग्रामीणों का कहना है कि वे विकास कार्य का विरोधी नहीं है, लेकिन आम जन के स्वास्थ्य और सुरक्षा की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। खबर लिखे जाने तक ग्रामीण अपनी मांग पर अड़े थे और कंपनी के जिम्मेदार अधिकारियों के मौके पर पहुंचकर ठोस आश्वासन देने की मांग कर रहे थे।
![]()













Leave a Reply