रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। संविधान दिवस के अवसर पर बीते 26 नवंबर को वन भवन राज्य मुख्यालय डोरंडा में प्रधान मुख्य वन संरक्षक सह वन बल प्रमुख झारखंड संजीव कुमार की अध्यक्षता में संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पठन किया गया। भारत सरकार एवं झारखंड सरकार के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य संविधान के प्रति सम्मान, संवैधानिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता तथा नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता को सुदृढ़ करना था।
इस मौके पर प्रधान मुख्य वन संरक्षक सह वन बल प्रमुख संजीव कुमार ने कहा कि भारतीय संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि लोकतंत्र, समानता, न्याय और बंधुत्व की जीवंत भावना है। उन्होंने कहा कि संविधान दिवस हमें अपने संवैधानिक मूल्यों, अधिकारों और नागरिक कर्तव्यों के प्रति पुनः प्रतिबद्ध होने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि वन एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े दायित्वों का निर्वहन करते हुए प्रत्येक अधिकारी व कर्मी को संवैधानिक मर्यादाओं, पारदर्शिता और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करना चाहिए। भारत सरकार एवं झारखंड सरकार के निर्देशानुसार संविधान के प्रति सम्मान और जागरूकता को और अधिक मजबूत बनाना हम सभी की साझा जिम्मेदारी है, ताकि समाज में संवैधानिक चेतना और अधिक सशक्त हो सके।
कार्यक्रम में प्रधान मुख्य वन संरक्षक सह कार्यकारी निदेशक बंजर भूमि विकास बोर्ड झारखंड ए टी मिश्रा, प्रधान मुख्य वन संरक्षक वन्य प्राणी झारखंड रवि रंजन, वरीय वन अधिकारी राजकुमार बाजपेयी, कर्मा ज़िम्पा भूटिया, सिद्धार्थ त्रिपाठी और अवनीश चौधरी समेत वन विभाग के वरीय पदाधिकारी व कर्मचारी मौजूद थे। सभी ने एक स्वर में संविधान की प्रस्तावना का पाठ कर संवैधानिक आदर्शों के पालन का संकल्प लिया।
![]()













Leave a Reply