संत सम्मेलन में धर्म रक्षा का संकल्प, संतों ने मानचित्र पर लाने की उठाई मांग
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला के पावन अवसर पर आयोजित होने वाली पारंपरिक श्रीहरिहर क्षेत्र संकीर्तन पंचकोसी एवं चौदह कोसी परिक्रमा का विधिवत शुभारंभ एवं भव्य समापन 27 नवंबर को आध्यात्मिक उल्लास के साथ संपन्न हो गया।
सारण जिला के हद में सोनपुर के बाबा हरिहरनाथ मंदिर से शुरू होकर वैशाली जिला मुख्यालय के हाजीपुर स्थित कौनहारा धाम तक जाने वाली इस पावन यात्रा में श्रद्धालुओं के सैलाब ने जनजागरूकता और सनातन संस्कृति का अलख जगाया। यात्रा का शुभारंभ बाबा हरिहरनाथ मंदिर के निकट हरिहरनाथ-पहलेजा धाम मुख्य पथ पर श्रीगजेंद्र मोक्ष देवस्थानम दिव्य देश पीठाधीश्वर जगद्गुरु रामानुजाचार्य स्वामी लक्ष्मणाचार्य महाराज एवं बिहार प्रदेश उदासीन महामंडल के अध्यक्ष संत विष्णु दास उदासीन (मौनी बाबा) सहित अन्य संतों द्वारा नारियल फोड़कर किया गया। सोनपुर मेला क्षेत्र का परिभ्रमण करते आगे बढ़ी यात्रा में सुसज्जित रथों पर संत-महंत विराजमान थे, जबकि हजारों श्रद्धालु नंगे पांव पैदल चल रहे थे।

इस अवसर पर बिहार की राजधानी पटना की इस्कॉन मंडली के भजन-कीर्तन से भक्ति की ऐसी रसधारा प्रवाहित हुई कि संपूर्ण वातावरण हरि-हर के जयघोष से गूंज उठा। मार्ग के दोनों ओर खड़े श्रद्धालुओं ने संतों और परिक्रमा यात्रियों पर पुष्प वर्षा कर उनका अभिनंदन किया। इस पावन अवसर पर यात्रा के संस्थापक संयोजक विनोद सिंह यादव, दया शंकर सिंह, इंद्रपाल सिंह (झारखंड), राम विनोद राय, अनिल साह, धर्मनाथ महतो और किन्नर समाज के प्रतिनिधियों सहित हजारों भक्त शामिल हुए।
परिक्रमा शरीर, मन और आत्मा को ईश्वर से जोड़ने की साधना-स्वामी लक्ष्मणाचार्य
बाबा हरिहरनाथ मंदिर परिसर में आयोजित समापन समारोह एवं संत सम्मेलन को संबोधित करते हुए जगद्गुरु स्वामी लक्ष्मणाचार्यजी महाराज ने परिक्रमा के गहन आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म में परिक्रमा केवल एक शारीरिक यात्रा नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा को परमात्मा से जोड़ने की साधना है। कहा कि नंगे पांव चलने से इंसान के भीतर के अहंकार का त्याग होता है।
स्वामीजी ने आध्यात्मिक रहस्य समझाते हुए बताया कि चौदह कोसी परिक्रमा चौदह लोकों और मानव की चौदह इंद्रियों को प्रभु के चरणों में समर्पित करने का प्रतीक है, वहीं लगभग 15 किलोमीटर की पंचकोसी परिक्रमा पंचमहाभूतों और पंचकोशों की शुद्धि कर आत्मिक शांति प्रदान करती है। यात्रा के दौरान होने वाला निरंतर हरि-संकीर्तन शारीरिक थकान मिटाकर वातावरण में दिव्य सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है।
संत सम्मेलन में व्यवस्था और पर्यटन विकास की मांग
संत मौनी बाबा की अध्यक्षता में आयोजित संत सम्मेलन में संतों ने धर्म रक्षा का हुंकार भरा। संतों ने कहा कि सनातन धर्म विश्व का सर्वश्रेष्ठ और शाश्वत धर्म है, जबकि शेष सभी केवल पंथ और संप्रदाय हैं। इस दौरान जगद्गुरु स्वामी लक्ष्मणाचार्य महाराज ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए इस ऐतिहासिक परिक्रमा को पर्यटन विभाग की वेबसाइट पर स्थान देने, यात्रा मार्ग को सुगम बनाने और समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

वहीं, संयोजक विनोद सिंह यादव ने काली घाट पर साधु-संतों व तीर्थयात्रियों के ठहरने की व्यवस्था करने, हरिहरनाथ कॉरिडोर के नाम पर मंदिरों के निर्माण कार्य पर लगी रोक हटाने, प्रतिवर्ष यात्रा के दौरान पुराने गंडक पुल का मार्ग खोलने तथा सारण जिलाधिकारी से पंचकोसी यात्रा की लंबित फाइल को शीघ्र स्वीकृति देने की मांग की, ताकि भविष्य में यह पावन यात्रा निर्बाध रूप से संचालित हो सके। मौनी बाबा ने अध्यक्षीय उद्बोधन में यात्रा का समापन की घोषणा की।
![]()













Leave a Reply