आईआईएम 240 अधिकारियों को देगा प्रबंधकीय एवं नेतृत्व विकास का प्रशिक्षण
एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। झारखंड की राजधानी में स्थित कोल इंडिया की सहायक कंपनी सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) ने 27 नवंबर को अपने अधिकारियों को व्यवस्थित प्रबंधकीय एवं नेतृत्व विकास का प्रशिक्षण प्रदान करने के उद्देश्य से भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) रांची के साथ एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए।
सीसीएल के सीसीएंडपीआर विभाग के अनुसार इस अवसर पर आयोजित उद्घाटन सत्र में सीसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र, महाप्रबंधक (एचआरडी) एम.एफ. हक, महाप्रबंधक (विधि) जोबी वीपी, महाप्रबंधक (श्रमशक्ति/एनईई) कविता गुप्ता, महाप्रबंधक (कार्मिक एवं औद्योगिक संबंध) पल्लब चक्रवर्ति, निदेशक वित्त के तकनिकी सचिव संजय सिंह सहित सीसीएल के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं, आईआईएम रांची की ओर से एग्जक्यूटिव एजुकेशन एंड कंसल्टिंग (ईईसी) अमित सचान अपनी टीम के साथ उपस्थित थे।
विभाग के अनुसार यह सीसीएल के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। किसी प्रतिष्ठित प्रबंधन संस्थान के साथ संस्थागत साझेदारी के माध्यम से अधिकारियों की प्रबंधकीय एवं नेतृत्व क्षमता को सुदृढ़ करने की दिशा में यह अपनी तरह की पहली पहल है। कहा गया कि इस एमओयू की संकल्पना, समन्वय एवं क्रियान्वयन से लेकर हस्ताक्षर समारोह के सफल आयोजन तक की पूरी प्रक्रिया का समन्वय सीसीएल के मुख्य प्रबंधक (एचआरडी) विकास कुमार सिंह द्वारा किया गया।
इस रणनीतिक पहल के तहत सीसीएल के विभिन्न विषयों एवं ग्रेड के कुल 240 अधिकारियों को व्यवस्थित प्रबंधकीय विकास कार्यक्रम के माध्यम से लाभान्वित किया जाएगा।
वर्तमान समय में, जब कोयला बाजार का परिदृश्य तेजी से बदल रहा है और अनेक नई चुनौतियां सामने आ रही हैं, ऐसे में यह कार्यक्रम विशेष रणनीतिक महत्व रखता है। इसका उद्देश्य अधिकारियों की प्रबंधकीय प्रभावशीलता, रणनीतिक सोच, नेतृत्व क्षमता, निर्णय लेने की दक्षता तथा बदलती परिस्थितियों के अनुरूप स्वयं को ढालने की क्षमता को विकसित करना है, ताकि वे उभरती व्यावसायिक चुनौतियों एवं अवसरों का प्रभावी ढंग से सामना कर सके।
सीसीएल एवं आईआईएम रांची के बीच यह सहयोग भविष्य के लिए तैयार नेतृत्व क्षमता विकसित करने तथा संगठनात्मक दक्षता को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह पहल कंपनी के सतत विकास एवं दीर्घकालिक उत्कृष्टता के लक्ष्यों को प्राप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
![]()













Leave a Reply