Advertisement

मतदाता सूची अद्यतन की समीक्षा, 5 व् 6 दिसंबर को लगेगा विशेष शिविर

सारण के सभी 10 विधानसभा क्षेत्रों में 12 से 23 नवंबर तक मिले 8,100 आवेदन

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर अर्हता तिथि एक जनवरी 2027 के आधार पर निर्वाचक सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम चल रहा है।

इसी क्रम में 25 नवंबर को सारण जिला समाहरणालय सभागार में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव के आदेश पर उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की गयी। बैठक में दावा-आपत्ति प्राप्त करने, उनके निष्पादन तथा मतदाता सूची की शुद्धता और अद्यतन स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में बताया गया कि बीते 12 से 23 नवंबर तक जिले के सभी 10 विधानसभा क्षेत्रों में कुल 8,100 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें प्रपत्र-6 के 4,978, प्रपत्र-7 के 1,023 तथा प्रपत्र-8 के 2,099 आवेदन शामिल हैं। विधानसभा क्षेत्रवार सोनपुर में सर्वाधिक 1,048, बनियापुर में 955, अमनौर में 926, मढ़ौरा में 897, गरखा में 868, छपरा में 860, परसा में 748, एकमा में 628, तरैया में 628 तथा मांझी में 542 आवेदन मिले हैं। इसके अलावा बीते 25 अक्टूबर से 11 नवंबर तक प्राप्त 3,767 आवेदनों का निष्पादन प्रारूप निर्वाचक सूची के प्रकाशन के बाद किया जाना है।

बैठक में कहा गया कि निर्वाचक सूची में नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन संबंधी दावा-आपत्तियों के निष्पादन को लेकर आगामी 5 और 6 दिसंबर को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। आम मतदाता इन शिविरों में पहुंचकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
वर्तमान निर्वाचक सूची के अनुसार सारण जिले में कुल मतदाताओं की संख्या 29,54,887 है। इनमें 15,59,964 पुरुष, 13,94,910 महिला और 13 अन्य मतदाता शामिल हैं। जिले का वर्तमान निर्वाचक लिंगानुपात 894 है, जबकि जनसंख्या के आधार पर लिंगानुपात 954 है। इस अंतर को कम करने के लिए मतदान केंद्रवार लक्ष्य निर्धारित कर विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

बैठक में 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं का पंजीकरण बढ़ाने के लिए सभी प्लस टू एवं उच्चतर शैक्षणिक संस्थानों में इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाने की जानकारी दी गई। सभी ईआरओ, एईआरओ और बीईओ को युवा मतदाताओं के पंजीकरण में वृद्धि सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

साथ ही बीएलओ के माध्यम से मृत एवं दोहरी प्रविष्टि वाले मतदाताओं का सत्यापन कर नियमानुसार प्रपत्र-7 के माध्यम से विलोपन की कार्रवाई करने पर बल दिया गया, ताकि निर्वाचक सूची त्रुटिरहित और अद्यतन बन सके। इस अवसर पर जिला प्रशासन ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे दावा-आपत्तियों की सूचियों का अवलोकन करें तथा किसी प्रकार की आपत्ति होने पर निर्धारित प्रपत्र-7 के माध्यम से दर्ज कराएं। साथ ही प्रत्येक मतदान केंद्र के लिए नियमानुसार बूथ लेवल एजेंट की नियुक्ति कर उनकी सूची निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया।

कहा गया कि मतदाता सूची देखने अथवा डाउनलोड करने के लिए भारत निर्वाचन आयोग का पोर्टल https://voters.eci.gov.in/download-eroll उपलब्ध है। दावा-आपत्तियों से संबंधित सूची एवं मासिक आंकड़े मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी की वेबसाइट पर भी नियमित रूप से अपलोड किए जा रहे हैं। कहा गया कि अंतिम निर्वाचक सूची का प्रकाशन अगले वर्ष 4 जनवरी को होगा।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *