Advertisement

तीन फेक कस्टम्स अधिकारी मुंबई एयरपोर्ट से गिरफ्तार

अंतर्राष्ट्रीय यात्रियों को बनाते थे निशाना, डीआरआई के नकली पहचान पत्र बरामद

प्रहरी संवाददाता/मुंबई। छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कस्टम्स और डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (डीआरआई) के अधिकारी बनकर यात्रियों को डराने और उनसे वसूली करने के आरोप में सहार पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान मोहम्मद जोहेब उस्मान बलोच (30), जैद नदीम शेख (23) और सलिया सईद अहमद कुरैशी (42) के रूप में हुई है। तीनों आरोपी अंधेरी पश्चिम और मालाड पश्चिम के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने तीनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि उन्होंने इससे पहले कितने यात्रियों को निशाना बनाया और इस गिरोह में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है या नहीं।

बैंकॉक से लौटे यात्री को बनाया निशाना

पुलिस के मुताबिक, मुंब्रा निवासी 24 वर्षीय अमन हसन मिर्जा शुक्रवार तड़के बैंकॉक से मुंबई पहुंचे थे। रात करीब 3 बजे एयरपोर्ट के पी-6 पार्किंग क्षेत्र में तीनों आरोपियों ने उन्हें रोक लिया। आरोपियों ने खुद को कस्टम्स और डीआरआई अधिकारी बताते हुए उनके पासपोर्ट, बोर्डिंग पास और मोबाइल फोन अपने कब्जे में ले लिए। इसके बाद सामान में प्रतिबंधित वस्तुएं होने का आरोप लगाकर पूछताछ के नाम पर उन्हें डराने लगे। आरोपियों ने कथित तौर पर उन्हें पार्किंग के दूसरे हिस्से में ले जाने की कोशिश भी की।

ट्रैफिक पुलिसकर्मी की सतर्कता से हुआ खुलासा

इसी दौरान गश्त कर रहे एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी की नजर इस घटना पर पड़ी। उन्होंने हस्तक्षेप कर तीनों को रोक लिया और सभी को सहार पुलिस स्टेशन ले जाया गया। पूछताछ में आरोपियों द्वारा फर्जी पहचान पत्रों का इस्तेमाल किए जाने का खुलासा हुआ। पुलिस ने एक नकली डीआरआई-कस्टम्स पहचान पत्र बरामद किया, जिस पर आरोपी बलोच की तस्वीर थी, लेकिन नाम ‘दिग्विजय पाटिल’ लिखा हुआ था। पुलिस के अनुसार, आरोपी अंतर्राष्ट्रीय यात्रियों को प्रतिबंधित सामान या नए इलेक्ट्रॉनिक उपकरण रखने पर जुर्माने का डर दिखाकर पैसे और कीमती सामान ऐंठने की कोशिश करते थे।

Tegs: #Three fake customs officers arrested at Mumbai Airport

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *