Advertisement

जैनामोड़ के अवैध तेल गोदाम में भीषण आग, ड्रमों में विस्फोट से हड़कंप

हजारों लीटर डीजल-पेट्रोल भंडारण का आरोप, प्रशासनिक मिलीभगत पर सवाल

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में जरीडीह थाना क्षेत्र के जैनामोड़ फोरलेन चौक के समीप 7 नवंबर की सुबह एक अवैध तेल गोदाम में भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के घरों तक खतरा पहुंच गया। तेज हवा के कारण आग ने और विकराल रूप ले लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गोदाम में हजारों लीटर डीजल और पेट्रोल ड्रमों में भरकर रखा गया था। आग की चपेट में आने से ड्रमों में विस्फोट होने लगे, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। लगभग दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। राहत की बात रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

इधर, भाजपा नेता संजय सिंह ने तेल चोरी और अवैध भंडारण के कारोबार में प्रशासनिक मिलीभगत का आरोप लगाया है। उपायुक्त ने एसडीएम से जांच रिपोर्ट मांगी है। वहीं, जरीडीह थाने में अब तक प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई है। बालीडीह से राधानगर तक टैंकरों से तेल चोरी और अवैध भंडारण के आरोपों की सतर्कता विभाग भी जांच कर रही है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *