सीसीएल कल्याण बोर्ड सदस्यों ने अस्पताल और कॉलोनी का किया निरीक्षण
एन. के. सिंह/बेरमो (बोकारो)। सीसीएल वेलफेयर बोर्ड की टीम द्वारा बोकारो जिला के हद में बीएंडके क्षेत्र में दो दिवसीय निरीक्षण के पश्चात सदस्यों ने क्षेत्र के महाप्रबंधक कार्यालय मे 7 अक्टूबर को जीएम के साथ समीक्षा वार्ता की। महाप्रबंधक ने टीम को समस्या समाधान का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर महाप्रबंधक एस के झा ने वेलफेयर टीम को आश्वस्त किया कि निरीक्षण के दौरान श्रमिक कॉलोनियों, अस्पतालों और फिल्टर प्लांटों में जो भी कमियां (गंदगी, पानी – बिजली की किल्लत, सड़कों की बदहाली) पाई गई हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द दुरुस्त किया जाएगा। उन्होंने जलापूर्ति व्यवस्था में सुधार को लेकर कहा कि अधिकारियों को कड़े निर्देश दे दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रबंधन कामगारों और उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य, स्वच्छ पेयजल और सुरक्षित आवास देने के लिए प्रतिबद्ध है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
वार्ता के दौरान महाप्रबंधक ने मौके पर उपस्थित सभी विभागीय अधिकारियों (सिविल, ईएंडएम, और कार्मिक) को वेलफेयर टीम द्वारा सौंपे गए मांग पत्र और बिंदुओं पर समय सीमा के भीतर काम पूरा करने का आदेश दिया। यह वार्ता मूल रूप से सीसीएल कर्मियों के जीवन स्तर को सुधारने और उनके कल्याणकारी अधिकारों को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सकारात्मक रही।

इसके पूर्व सीसीएल कल्याण बोर्ड की टीम ने दूसरे दिन रिजनल अस्पताल कारगली समेत विभिन्न कॉलोनियों का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान कई कमियां पायी गयी। अस्पताल में इलाजरत मरीजों ने टीम को बताया कि उन्हें बाहर से दवा खरीदनी पड़ रही है। टीम ने कारगली बाजार कॉलोनी के एमपीआई स्कूल के समीप में नालियों की सफाई नहीं होने पर नाराजगी जतायी। सदस्यों ने कहा कि यह स्थिति सीधे तौर पर बीमारी को आमंत्रित कर रही है। कॉलोनियों में नालियां जाम हैं और कचरे के ढेर से मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। टीम ने बीएंडके क्षेत्र मे पेयजल आपूर्ति की स्थिति पर भी नाराजगी जतायी। श्रमिकों के क्वार्टर की स्थिति भी जर्जर बतायी गयी। बरसात के दौरान घरों में पानी टपकने की समस्या सामने आयी। टीम ने बताया कि पूरे मामले की रिपोर्ट मुख्यालय को सौंपी जायेगी।
निरीक्षण टीम में राजेश कुमार सिंह, रामेश्वर कुमार मंडल, विनय सिंह मानकी, विंध्याचल बेदिया, प्रदीप विश्वास, अरविंद शर्मा, सुखदेव प्रसाद, मुकेश कुमार के अलावे विभागाध्यक्ष असैनिक मनोज कुमार, विभागाध्यक्ष प्रशासन एवं मानव संसाधन विनय रंजन टुडु, पीई उत्कर्ष कुमार, सहायक प्रबंधक एचआर प्रेक्षा मिश्रा आदि मुख्य रूप से शामिल थे।
![]()













Leave a Reply