रंजन वर्मा/कसमार(बोकारो)। झारखंड के धनबाद-कोलकाता-बनारस सड़क परियोजना के अंतर्गत प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति एवं ग्रामीणों की समस्याओं का जायजा लेने के लिए 6 अक्टूबर को गिरिडीह सांसद के नेतृत्व में पूर्व विधायक ने बोकारो जिला के हद में पेटरवार, कसमार एवं जरीडीह प्रखंडों का दौरा किया गया।
दौरे के दौरान सांसद के साथ गोमिया पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो, विधायक प्रतिनिधि रितेश कुमार सिन्हा तथा आजसू पार्टी के वरिष्ठ नेता काशीनाथ सिंह सहित पार्टी के कई कार्यकर्ता एवं स्थानीय प्रतिनिधि मौजूद रहे। टीम ने परियोजना से प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया तथा ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली।
इस दौरान बड़ी संख्या में उपस्थित ग्रामीणों ने सड़क परियोजना से संबंधित अपनी समस्याओं, विशेषकर जमीन अधिग्रहण एवं मुआवजा भुगतान को लेकर लिखित आवेदन सांसद को सौंपे। ग्रामीणों ने कहा कि परियोजना के कारण उनकी जमीन एवं अन्य संपत्तियां प्रभावित हो रही हैं, लेकिन मुआवजा भुगतान की प्रक्रिया में विलंब के कारण उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के बाद सांसद ने कहा कि सड़क परियोजना के कारण प्रभावित ग्रामीणों को उनका उचित मुआवजा समय पर मिले, यह उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि संबंधित अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर मुआवजा भुगतान की प्रक्रिया को जल्द आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा। इस अवसर पर सांसद ने कहा कि उक्त सड़क परियोजना के कारण प्रभावित ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से लिया जा रहा है।
ग्रामीणों को उनका हक और उचित मुआवजा जल्द से जल्द दिलाना हमारी पहली प्राथमिकता है। संबंधित विभाग एवं अधिकारियों से बात कर समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो ने कहा कि विकास परियोजनाएं जरूरी हैं, लेकिन विकास के साथ प्रभावित रहिवासियों के हितों की रक्षा भी उतनी ही महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और उन्हें नियमानुसार मुआवजा मिले, इसके लिए जनप्रतिनिधियों को लगातार पहल करनी चाहिए।
विधायक प्रतिनिधि रितेश कुमार सिन्हा ने कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं को सांसद के संज्ञान में लाया गया है। प्रभावित परिवारों के आवेदन प्राप्त कर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों से संपर्क किया जाएगा।
वहीं आजसू पार्टी के वरिष्ठ नेता काशीनाथ सिंह ने कहा कि प्रभावित ग्रामीणों की समस्याओं को लेकर पार्टी पूरी गंभीरता के साथ उनके साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि सड़क परियोजना का लाभ क्षेत्र को मिलेगा, लेकिन जिन ग्रामीणों की जमीन परियोजना में जा रही है, उन्हें समय पर उचित मुआवजा मिलना सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
दौरे के दौरान उपरोक्त जनप्रतिनिधियों एवं पार्टी नेताओं ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं को उचित स्तर पर उठाया जाएगा और मुआवजा भुगतान सहित अन्य संबंधित मामलों के समाधान के लिए आवश्यक पहल की जाएगी। इस दौरान स्थानीय ग्रामीणों के अलावा आजसू पार्टी के कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में क्षेत्र के रहिवासी उपस्थित रहे।
![]()













Leave a Reply