*चास के गरगा पुल के पास वारदात, सिविल ड्रेस में पहुंचे दो युवकों का करामात
=
रंजन वर्मा/कसमार(बोकारो)। बोकारो जिला के हद में चास थाना क्षेत्र के गरगा पुल के समीप 6 अक्टूबर की दोपहर सिविल ड्रेस में पहुंचे दो अज्ञात युवकों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर एक बुजुर्ग महिला से सोने के आभूषण उतरवा लिए और उन्हें लेकर फरार हो गए। घटना दोपहर लगभग 2.30 बजे की बताई जा रही है।
पीड़िता की पहचान सेक्टर-4 रहिवासी ऊषा लोढा, पत्नी शांतिलाल लोढा के रूप में हुई है। मामले को लेकर चास थाना में लिखित शिकायत दी गई है। जानकारी के अनुसार ऊषा लोढा सेक्टर-4 स्थित स्वर्गीय मदन लाल डागा के आवास पर शोक व्यक्त करने गई थीं। वहां से टोटो रिजर्व कर वह चास लौट रही थी। गरगा पुल के समीप सिविल ड्रेस में दो युवकों ने टोटो को रुकने का इशारा किया।
दोनों ने स्वयं को पुलिसकर्मी बताते हुए अपना आई कार्ड दिखाया और महिला से कहा कि आगे हत्या की घटना हुई है तथा असामाजिक तत्व एक-दूसरे का सामान छीन रहे हैं। इसलिए अपने सभी आभूषण उतारकर सुरक्षित रख लें।
बताया जाता है कि बुजुर्ग महिला ने पहले उनकी बात को नजरअंदाज किया, लेकिन दोनों के बार-बार कहने और आई कार्ड दिखाने के बाद उन्होंने सोने की चेन और छह सोने की चूड़ियां उतारकर रुमाल में रखने लगीं।
इस दौरान दोनों आरोपियों ने मदद करने के बहाने आभूषण लेकर रुमाल में बांधने की बात कही। आरोप है कि इसी दौरान आभूषणों को बदलकर दोनों वहां से फरार हो गए। कुछ देर बाद महिला को ठगी का एहसास हुआ। टोटो चालक ओमप्रकाश ने बताया कि वह दो महिला यात्रियों को लेकर सेक्टर-4 से चास के लिए रिजर्व जा रहा था। गरगा पुल के पास दो सिविल राहगीरों ने वाहन रोकने का इशारा किया। पहले उसने वाहन नहीं रोका।
इसके बाद दोनों ने पीछा कर टोटो को साइड में रुकवाया और खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए लाइसेंस दिखाने को कहा।
बताया जाता है कि चालक ने सिविल ड्रेस में होने के कारण पहचान नहीं पाने की बात कही और अपना लाइसेंस दिखाया। इस दौरान दूसरे ठग ने महिलाओं से बातचीत शुरू कर दी। चालक के अनुसार, इसी बीच आभूषण लेकर दोनों आरोपी फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़िता और टोटो चालक ने चास थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की पहचान के लिए आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की कोशिश की जा रही है।
![]()













Leave a Reply