प्रहरी संवाददाता/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में चास थाना क्षेत्र के तेलीडीह मोड़ स्थित डे मार्केट में 4 अक्टूबर की सुबह चार मंजिला मकान से गिरने के बाद 15 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही चास थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, किशोर अपनी मां के साथ चास के डे मार्केट स्थित चार मंजिला मकान में रहता था। बताया जा रहा है कि 4 अक्टूबर की सुबह लगभग पांच बजे मां और बेटे के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके कुछ समय बाद किशोर मकान से नीचे गिर गया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना पर पहुंची चास पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। पुलिस फिलहाल किशोर के मकान से गिरने के कारणों की जांच कर रही है। आसपास के रहिवासियों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार, किशोर किन परिस्थितियों में नीचे गिरा, यह जांच का विषय है। कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेगी।
![]()













Leave a Reply