Advertisement

सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र: जन सुराज प्रत्याशी सहित तीन ने दाखिल किया नामांकन

प्रशांत किशोर की मौजूदगी में जुटे प्रत्याशी आफाक अहमद समर्थक

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। बिहार विधान परिषद के सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर जिले में सरगर्मी तेज हो गई है। बताया जाता है कि 3 अक्टूबर को जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी आफाक अहमद सहित तीन प्रत्याशियों ने जिला मुख्यालय छपरा स्थित प्रमंडलीय आयुक्त कार्यालय में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान जन सुराज के सूत्रधार और बांकीपुर विधायक प्रशांत किशोर भी छपरा पहुंचे।

बताया जाता है कि विधायक प्रशांत किशोर के नामांकन स्थल पर पहुंचते ही जन सुराज समर्थकों की भारी भीड़ जुट गई और कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर उत्साह का प्रदर्शन किया।
जानकारी के अनुसार 3 अक्टूबर को सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से कुल तीन प्रत्याशियों ने नामांकन किया। जन सुराज पार्टी से आफाक अहमद ने एक सेट में, जबकि निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में प्रियांशु कुमार कश्यप ने दो सेट और जयराम राय ने एक सेट में पर्चा दाखिल किया।

उल्लेखनीय है कि आफाक अहमद इससे पहले भी सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से विधान परिषद सदस्य रह चुके हैं। वर्ष 2023 के चुनाव में उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में जीत दर्ज की थी। चुनाव कार्यक्रम के अनुसार, नामांकन प्रक्रिया बीते 29 सितंबर से शुरू होकर आगामी 6 अक्टूबर तक चलेगी। 7 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की संवीक्षा होगी तथा 9 अक्टूबर तक नाम वापसी ली जा सकेगी। मतदान 23 अक्टूबर को और मतगणना 27 अक्टूबर को होगी। ज्ञात हो कि नामांकन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *