रंजन वर्मा/कसमार(बोकारो)। गोमिया के पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो ने बीते 30 सितंबर की रात्रि नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर गोमिया, बोकारो और आसपास के क्षेत्रों की महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने कई लंबित सड़क परियोजनाओं के निर्माण और स्वीकृति की दिशा में आवश्यक पहल करने का आग्रह किया।
केंद्रीय मंत्री गडकरी से मुलाकात के दौरान पूर्व विधायक डॉ महतो ने सेंट्रल रोड इंफ्रास्ट्रक्चर फंड (सीआरआईएफ) के तहत नक्सल प्रभावित क्षेत्र में गझंडी मोड़ से हुरलुंग भाया चतरोचट्टी तक लगभग 27 किलोमीटर सड़क निर्माण कराने की मांग रखी। इसके अलावा ललपनिया-रजरप्पा मोड़ से रजरप्पा रोड तक लगभग 20 किलोमीटर सड़क निर्माण की दिशा में भी आवश्यक पहल करने का आग्रह किया। उन्होंने कसमार के बहादुरपुर चौक से खैराचातर सेवाती घाटी होते पश्चिम बंगाल के झालदा चौक तक अंतरराज्यीय सड़क निर्माण का मुद्दा भी उठाया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह सड़क कसमार सहित आसपास के क्षेत्रों के लिए आवागमन और बेहतर संपर्क की दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण है। डॉ महतो ने जैनामोड़-ओरमांझी भारतमाला सड़क परियोजना में कथित अनियमितताओं की उच्चस्तरीय जांच कराने तथा बनगजरा इंटरचेंज के निर्माण की स्वीकृति जल्द देने का आग्रह किया।
पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो के अनुसार, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने उनके द्वारा उठाए गए सभी विषयों को गंभीरता से सुना और इन पर शीघ्र आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया। उन्होंने उम्मीद जताई कि इन सड़क परियोजनाओं के धरातल पर उतरने से गोमिया, बोकारो और आसपास के क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा तथा क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
केंद्रीय मंत्री से मुलाकात के दौरान डॉ.l महतो ने पूर्व न्यायाधीश संतोष कुमार अग्निहोत्री द्वारा लिखित पुस्तक मानस सरिता मंत्री नितिन गडकरी को सप्रेम भेंट की।
इस अवसर पर गढ़वा के समाजसेवी रवीन्द्र कुमार तिवारी भी उपस्थित थे। उन्होंने भी क्षेत्र से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को मंत्री के समक्ष रखा। डॉ महतो के अनुसार, केंद्रीय मंत्री ने उनके द्वारा उठाए गए मुद्दों को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस मुलाकात से गोमिया-बोकारो क्षेत्र की विभिन्न सड़क परियोजनाओं को लेकर नई उम्मीद जगी है।
![]()













Leave a Reply