Advertisement

डेढ़ महीने तक अस्पताल में इलाजरत जिंदगी की जंग हार गयी होमगार्ड जवान प्रतिमा

कस्तूरबा विद्यालय में ड्यूटी के दौरान गिरने से बीमार हो गयी थी प्रतिमा

प्रहरी संवाददाता/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार स्थित कस्तूरबा विद्यालय में ड्यूटी के दौरान गिरने से गंभीर रूप से घायल महिला होमगार्ड जवान प्रतिमा कुमारी का डेढ़ महीने तक इलाज के बाद निधन हो गया। आख़िरकार उसने जिंदगी की जंग हार गयी।

बताया जाता है कि ड्यूटी के दौरान गिरने से महिला जवान प्रतिमा के सिर में गंभीर चोट लगी थी, जिसके बाद उन्हें ब्रेन स्ट्रोक और पैरालिसिस की समस्या हो गई थी। उनके निधन से परिजनों और साथी जवानों में शोक की लहर है।

जानकारी के अनुसार, ड्यूटी के दौरान गिरने के बाद प्रतिमा को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। करीब छह-सात दिनों के इलाज के बाद स्थिति में कुछ सुधार हुआ, जिसके बाद उनके पति उन्हें घर ले आए। हालांकि, दो-चार दिनों बाद खाना खाते समय उनकी तबीयत फिर बिगड़ गई। इसके बाद उन्हें कृष्णा नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया, जहां करीब एक सप्ताह तक इलाज चला। स्वास्थ्य में अपेक्षित सुधार नहीं होने पर परिजन उन्हें रांची के एक निजी अस्पताल ले गए। वहां करीब डेढ़ महीने तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद उन्होंने अंतिम सांस ली।

प्रतिमा अपने पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गई हैं। इनमें एक दूधमुंहा बच्चा है, जबकि दूसरा बच्चा लगभग छह-सात वर्ष का है। मां के निधन से दोनों बच्चों के सिर से ममता का साया उठ गया है। परिवार पर दु:खों का पहाड़ टूट पड़ा है। होमगार्ड जवान प्रतिमा कुमारी के निधन के बाद साथी होमगार्ड जवानों ने प्रशासन से उनके पति को अनुकंपा के आधार पर नौकरी देने की मांग की है। जवानों का कहना है कि प्रतिमा के दो छोटे बच्चों के भविष्य और परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए उनके पति को रोजगार उपलब्ध कराया जाना चाहिए।

क्षेत्र के समाजसेवी ज्ञानेश कुमार जायसवाल ने भी प्रतिमा कुमारी के पति को अनुकंपा के आधार पर नौकरी देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस कठिन परिस्थिति में पीड़ित परिवार को प्रशासन की ओर से हरसंभव सहायता मिलनी चाहिए, ताकि बच्चों का भविष्य सुरक्षित हो सके।

समादेष्टा कार्यालय में दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि

प्रतिमा का पार्थिव शरीर एक अक्टूबर को समादेष्टा कार्यालय, सेक्टर-1 लाया गया। यहां साथी होमगार्ड जवानों ने उनके पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। सभी ने उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। उनके असामयिक निधन से होमगार्ड जवानों में गहरा शोक है। साथी जवानों और समाजसेवी ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित सहायता और उनके पति को नौकरी देने की मांग की गयी है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *