Advertisement

बच्चों को कानून की जानकारी देकर जागरूक कर रही कथारा ओपी पुलिस

बच्चों को दी जा रही साइबर अपराध और महिला सुरक्षा कानून की जानकारी

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। समाज में अनुशासन और कानून के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से बोकारो जिला के हद में कथारा ओपी पुलिस द्वारा चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के तहत आसपास स्कूल और पंचायत स्तर पर युवाओं एवं बच्चों को आम रहिवासियों के हित में बने नए कानूनों की विस्तृत जानकारी दी जा रही है।

जानकारी के अनुसार 20 अगस्त को कथारा ओपी पुलिस द्वारा ओपी क्षेत्र के आसपास के बच्चों को सरल और आसान भाषा में साइबर अपराध, ट्रैफिक नियम और महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनों के बारे में बताया गया। मौके पर ओपी प्रभारी ने कहा कि आज के डिजिटल युग में साइबर ठगी, सोशल मीडिया पर गलत पोस्ट, ऑनलाइन फ्रॉड जैसी घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। बच्चों को इनसे बचने के उपाय और कानूनी प्रावधानों की जानकारी होना बेहद जरूरी है। ओपी प्रभारी ने यातायात नियमों की जानकारी देते हुए कहा कि हेलमेट पहनना, सीट बेल्ट लगाना, नाबालिग द्वारा वाहन न चलाना और शराब पीकर गाड़ी न चलाना कानूनन अनिवार्य है। नियमों का पालन करने से न सिर्फ हमारी जान सुरक्षित रहती है, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं में भी कमी आती है।

महिला सुरक्षा पर बोलते हुए उन्होंने गुड टच-बैड टच, छेड़छाड़, घरेलू हिंसा और महिला हेल्पलाइन 181 व पुलिस कंट्रोल रूम 112 के बारे में बताया। कहा कि कोई भी बच्ची या महिला किसी भी प्रकार की परेशानी में हो तो तुरंत पुलिस को सूचना दे। पुलिस हर समय उनकी मदद के लिए तैयार है। कहा गया कि भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम जैसे नए कानूनों के बारे में सभी को जानकारी होना अनिवार्य है। कहा गया कि ये कानून आमजन को तेज और पारदर्शी न्याय दिलाने के लिए बनाए गए हैं। बच्चों को अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का भी ज्ञान होना चाहिए तभी वे एक अच्छे नागरिक बन सकते हैं।

कहा गया कि पुलिस का काम सिर्फ अपराध रोकना नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करना भी है। यदि बचपन से ही बच्चों को कानून की जानकारी दी जाए तो उनमें अनुशासन, जिम्मेदारी और देशभक्ति की भावना विकसित होगी।
मौके पर उपस्थित दर्जनों की संख्या में बच्चे और ग्रामीण उपस्थित थे। बच्चों ने पुलिस अधिकारियों से सवाल भी पूछे और कई महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। ओपी प्रभारी ने भरोसा दिलाया कि आगे भी इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम स्कूलों और गांवों में लगातार चलाए जाएंगे, ताकि युवा नशे, अपराध और साइबर ठगी से दूर रहें और देश के जिम्मेदार नागरिक बने।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *