एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला के हद में सीसीएल कथारा क्षेत्र के जारंगडीह के बदहाल सड़कों, असैनिक विभाग की कार्यप्रणाली एवं बिजली कटौती के विरुद्ध आगामी 22 अगस्त को आवश्यक बैठक का आयोजन किया गया है। इसे लेकर स्थानीय रहिवासी श्रमिक नेता सह समाजसेवी अमर नाथा साहा ने जारंगडीह के आमजन, दुकानदार, ट्रेड यूनियन पदाधिकारियों, जारंगडीह उत्तरी एवं दक्षिणी पंचायत के जनप्रतिनिधियों से बैठक में शामिल होने का आह्वान किया है।
साहा द्वारा 19 अगस्त को कहा गया कि जारंगडीह में सीसीएल द्वारा करोड़ों रुपये आवंटित किए जाने के बावजूद आज भी उत्तरी एवं दक्षिणी पंचायत के श्रमिक कॉलोनी तथा बाजार की सड़कों की स्थिति किसी से छिपी नहीं है। वहीं, लगातार बिजली की कटौती ने आमजनों, दुकानदारों और व्यवसायियों की परेशानी को और बढ़ा दिया है। कहा कि सवाल सिर्फ सड़क और बिजली का नहीं, बल्कि हमारे अधिकार, हमारी सुविधा और क्षेत्र के विकास का है।
उन्होंने कहा कि इन्हीं गंभीर जनसमस्याओं पर सामूहिक चर्चा, जवाबदेही तय करने और आगे की रणनीति बनाने के लिए आगामी 22 अगस्त को दोपहर 12 बजे जारंगडीह दुर्गा मंडप परिसर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जा रही है। जिसमें सभी से विनम्र आग्रह है कि दलगत एवं व्यक्तिगत मतभेदों से ऊपर उठकर अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित हों और जारंगडीह की आवाज को मजबूती दें। उन्होंने कहा कि एकजुट जनता की आवाज को नजरअंदाज करना आसान नहीं होगा। इसलिए आइए, अपने हक और जारंगडीह के बेहतर भविष्य के लिए एक साथ खड़े हों।
![]()













Leave a Reply