Advertisement

बोकारो में दूसरे राष्ट्रीय रैंकिंग तीरंदाजी टूर्नामेंट का आगाज, राज्यपाल ने किया उद्घाटन

प्रहरी संवाददाता/कसमार (बोकारो)। बोकारो में एनटीपीसी के दूसरे राष्ट्रीय रैंकिंग तीरंदाजी टूर्नामेंट का 19 अगस्त को भव्य आगाज किया गया। 18 से 27 अगस्त तक आयोजित होने वाली इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन 19 अगस्त को झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने किया। प्रतियोगिता में देशभर से लगभग 900 तीरंदाज हिस्सा ले रहे हैं।

आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों में लगभग 600 ऐसे तीरंदाज हैं, जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। वहीं, अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित खिलाड़ी भी प्रतियोगिता में हिस्सा लेने बोकारो पहुंचे हैं। देश के शीर्ष राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय तीरंदाजों की मौजूदगी ने प्रतियोगिता का रोमांच बढ़ा दिया है।

प्रतियोगिता का आयोजन सेक्टर-4 स्थित मोहन कुमार मंगलम स्टेडियम में किया जा रहा है। तीन प्रमुख कैटेगरी में खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। विभिन्न राज्यों से पहुंचे तीरंदाज पदक जीतने के साथ राष्ट्रीय रैंकिंग में बेहतर स्थान हासिल करने के लिए निशाना साध रहे हैं। उद्घाटन समारोह में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि इस तरह के राष्ट्रीय स्तर के आयोजनों से झारखंड की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का बेहतर अवसर मिलता है। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में गिरिडीह सांसद के अलावा अध्यक्ष डॉ लंबोदर महतो, बोकारो विधायक श्वेता सिंह, एंजेला सिंह, जिला उपायुक्त अजय नाथ झा, पुलिस महानिरीक्षक शैलेंद्र सिन्हा, पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा, डीडीसी शताब्दी मजूमदार सहित अन्य दर्जनों गणमान्य मौजूद रहे। ध्यान देने योग्य है कि बोकारो में इतने बड़े स्तर पर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय तीरंदाजों के जुटने से खेल प्रेमियों में खासा उत्साह है। प्रतियोगिता के आगामी दिनों में देश के शीर्ष तीरंदाजों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *