Advertisement

जीवन कौशल प्रशिक्षण के साथ नशा मुक्त भारत अभियान का शपथ कार्यक्रम

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के टांगटोना पंचायत अंतर्गत बगियारी गांव में सहयोगिनी संस्था द्वारा कार्यक्रम आयोजित किया गया संस्था की ओर से युवाओं के लिए जीवन कौशल प्रशिक्षण के साथ बोकारो जिला समाज कल्याण पदाधिकारी डॉ सुमन गुप्ता के निर्देश पर नशा मुक्त भारत अभियान शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को जीवन कौशल से जोड़ने, नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने तथा युवाओं को शिक्षा, कौशल विकास, खेल, रोजगार और सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से सकारात्मक दिशा देने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में सहयोगिनी संस्था के समन्वयक प्रकाश कुमार महतो, प्रशिक्षक मनोहर कुमार महतो एवं एनिमेटर रेखा देवी ने युवाओं के साथ संवाद किया और जीवन कौशल तथा नशा मुक्ति से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से जानकारी दी।

इस अवसर पर सहयोगिनी संस्था के समन्वयक प्रकाश कुमार महतो ने कहा कि संस्था कसमार प्रखंड की 7 पंचायतों के 30 गांवों में किशोरियों एवं महिलाओं के नेतृत्व क्षमता, विकास तथा उन्हें सरकारी योजनाओं से जोड़ने को लेकर लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि किशोरियों एवं महिलाओं को अपने अधिकारों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास, आजीविका और सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें आत्मनिर्भर एवं नेतृत्वकर्ता बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देना आज की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। कहा कि नशा केवल इंसान के स्वास्थ्य को नुकसान नहीं पहुंचाता, बल्कि परिवार की आर्थिक स्थिति, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक जीवन पर भी इसका गंभीर प्रभाव पड़ता है। इसलिए युवाओं को नशे से दूर रखते हुए उन्हें जीवन कौशल, शिक्षा, खेल, कौशल विकास, रोजगार और सामाजिक नेतृत्व से जोड़ना जरूरी है।
उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने परिवार, मित्रों एवं समुदाय के अन्य युवाओं को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि नशामुक्त युवा ही स्वस्थ, सक्षम और सशक्त समाज की मजबूत नींव रख सकते हैं।

प्रशिक्षक मनोहर कुमार महतो ने जीवन कौशल प्रशिक्षण के दौरान युवाओं को आत्म-जागरूकता, आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच, निर्णय लेने की क्षमता, समस्या समाधान, तनाव प्रबंधन, प्रभावी संवाद, भावनाओं पर नियंत्रण तथा नेतृत्व क्षमता जैसे महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि युवाओं के जीवन में कई प्रकार की चुनौतियां आती हैं। कई बार गलत संगत, साथियों का दबाव, तनाव या व्यक्तिगत समस्याओं के कारण युवा नशे की ओर आकर्षित हो जाते हैं। ऐसे समय में सही निर्णय लेने और गलत चीजों को ना कहने की क्षमता महत्वपूर्ण होती है।

उन्होंने युवाओं को अपनी ऊर्जा को शिक्षा, खेल, कौशल विकास और रचनात्मक गतिविधियों में लगाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि नशा के कारण भी लड़कियों तथा बच्चों के साथ काफी ज्यादा हिंसा होता है। बाल विवाह, बाल श्रम, बाल तस्करी, बाल यौन हिंसा आदि को रोकने के लिए समाज को नशामुक्त होना जरूरी है। एनिमेटर रेखा देवी ने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए किशोरियों एवं युवाओं की भागीदारी बेहद जरूरी है।

उन्होंने युवाओं से अपने गांव में नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने और अपने साथियों को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवा खेल, शिक्षा, कौशल प्रशिक्षण, रोजगार एवं सामाजिक कार्यों से जुड़कर अपने भविष्य को बेहतर बना सकते हैं। उन्होंने विशेष रूप से क्षेत्र के युवाओं को नशे की शुरुआत से बचने, गलत संगति से दूर रहने और किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थ के सेवन से इनकार करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित युवाओं ने सामूहिक रूप से नशा मुक्त युवा भारत बनाने की शपथ ली। युवाओं ने संकल्प लिया कि वे स्वयं किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थ का सेवन नहीं करेंगे, नशे से दूर रहेंगे तथा अपने परिवार, मित्रों और समुदाय को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करेंगे।
कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं एवं किशोरियों को संदेश दिया गया कि स्वस्थ और नशामुक्त युवा ही मजबूत समाज एवं सशक्त भारत का निर्माण कर सकते हैं।

मौके पर स्वाति कुमारी, नेहा कुमारी, जुबेदा खातून, शब्बा नाज, शहनाज खातून, अख्तरी बेगम, खुशबू परवीन, आसमा खातून, खुशी कुमारी, संध्या कुमारी, उषा कुमारी, स्वाति कुमारी, छोटी कुमारी, नेहा कुमारी, लवली खातून, सुहाना खातून, आसमा खातून, खुशबू परवीन, जुबेदा खातून, शहनाज खातून, अख्तरी बेगम आदि मौजूद थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *