Advertisement

पोंडा पंचायत में ज्ञान केंद्र का उद्घाटन, ग्रामीणों को मिलेगा शिक्षा व् जागरूकता का लाभ

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के पोंडा पंचायत में ग्रामीणों की सुविधा और ज्ञानवर्धन के उद्देश्य से 17 अगस्त को ज्ञान केंद्र का उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधियों, शिक्षकों, आंगनबाड़ी सेविकाओं, जल सहिया, वार्ड सदस्यों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण रहिवासी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर पंचायत के मुखिया हारु रजवार ने कहा कि पोंडा पंचायत में ज्ञान केंद्र का शुरू होना पंचायत के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि इस केंद्र के माध्यम से गांव के बच्चों, विद्यार्थियों, युवाओं और ग्रामीणों को पढ़ाई के साथ-साथ विभिन्न विषयों की जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।

कहा कि आज के समय में शिक्षा और सही जानकारी ही विकास की सबसे बड़ी कुंजी है। कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में कई प्रतिभाशाली बच्चे संसाधनों के अभाव में अपनी क्षमता के अनुसार आगे नहीं बढ़ पाते हैं। ऐसे बच्चों के लिए यह ज्ञान केंद्र काफी उपयोगी साबित होगा। मुखिया ने कहा कि केंद्र के माध्यम से बच्चों को अध्ययन के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के साथ सामान्य ज्ञान, प्रतियोगी परीक्षाओं, सरकारी योजनाओं और समाज से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों से अवगत कराने का प्रयास किया जाएगा।

पंचायत के युवाओं को भी इसका लाभ मिलेगा और वे अपनी पढ़ाई एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी बेहतर तरीके से कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि पंचायत का विकास केवल सड़क, नाली और भवन निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि शिक्षा, जागरूकता और ज्ञान के क्षेत्र में विकास करना भी उतना ही जरूरी है। इसी सोच के साथ पंचायत में ज्ञान केंद्र की शुरुआत की गई है। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों से अपील की कि वे केंद्र का अधिक से अधिक उपयोग करें और इसके संचालन में सहयोग दें।

पंचायत समिति सदस्य रवि कुमार ने कहा कि ज्ञान केंद्र से विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए बेहतर वातावरण मिलेगा और ग्रामीणों में जागरूकता बढ़ेगी। उन्होंने इसे पंचायत के लिए उपयोगी पहल बताया। उप मुखिया लीलावती देवी ने कहा कि पंचायत के विकास के साथ शिक्षा और जागरूकता को बढ़ावा देना भी जरूरी है। ज्ञान केंद्र बच्चों और ग्रामीणों के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा।

कार्यक्रम में पंचायत सेवक अर्चना कुमारी, वार्ड सदस्य खीरी देवी, अनीता देवी, सोनू राजवार एवं रामसाय हांसदा, आंगनबाड़ी सेविका राजकुमारी देवी, मंजू देवी एवं हिना देवी, दीपवाला देवी, जल सहिया सहित अन्य पंचायत प्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित थे। सभी ने ज्ञान केंद्र के सफल संचालन और ग्रामीणों को अधिक से अधिक लाभ पहुंचाने की बात कही।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *