Advertisement

जरीडीह के कल्याणपुर में तेज रफ्तार हाइवा ने स्कॉर्पियो को मारी टक्कर, तीन घायल

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में जरीडीह थाना क्षेत्र के कल्याणपुर के समीप एनएच-23 पर 29 जुलाई के अपराह्न एक तेज रफ्तार अनियंत्रित हाइवा ने स्कॉर्पियो को जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना में स्कॉर्पियो सवार तीन घायल हो गए। हादसे के बाद हाइवा चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।

घटना के बावत प्रत्यक्षदर्शी शाहजहां अंसारी ने बताया कि अपराह्न करीब साढ़े चार बजे जैनामोड़ की ओर से तेज गति से आ रही पीले रंग की हाइवा ने कल्याणपुर स्थित टर्निंग प्वाइंट पर रांची से आ रही स्कॉर्पियो क्रमांक-JH01BN/5338 को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो लगभग 90 डिग्री घूम गई।

बताया जाता है कि उक्त दुर्घटना में स्कॉर्पियो चालक मुन्ना कुमार, संजीत कुमार तथा बीच की सीट पर सो रहे मनीष कुमार घायल हो गए। स्थानीय रहिवासियों की मदद से तीनों घायलों को जरीडीह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।

इस संबंध में घायल स्कार्पियो सवार संजीत कुमार ने बताया कि वे तीनों झारखंड की राजधानी रांची के चिरौंजी रहिवासी हैं। करीब एक माह पहले धनबाद जिला के हद में कतरास में उनकी बहन की शादी हुई थी। बीते 28 जुलाई को वे अपनी बहन को लेने कतरास जा रहे थे, तभी कल्याणपुर के समीप यह हादसा हो गया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन रांची से बोकारो के लिए रवाना हो गए हैं।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *