Advertisement

सहयोगिनी द्वारा रांगामाटी में जीवन कौशल प्रशिक्षण का आयोजन

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। सहयोगिनी संस्था द्वारा बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के दुर्गापुर पंचायत रांगामाटी गांव में किशोरी समूह की पीयर लीडर्स, किशोरियों एवं युवा महिलाओं के लिए 30 मई को जीवन कौशल (लाइफ स्किल) प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण में गांव की किशोरियों एवं युवा महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

सहयोगिनी द्वारा बताया गया कि प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य प्रतिभागियों में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच, निर्णय लेने की क्षमता, समस्या समाधान कौशल तथा प्रभावी संवाद क्षमता का विकास करना था, ताकि वे जीवन की चुनौतियों का बेहतर ढंग से सामना कर सके और समाज में सकारात्मक भूमिका निभा सके।

प्रशिक्षण का संचालन प्रशिक्षक प्रेम कुमार महतो ने किया। उन्होंने जीवन कौशल के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए टीम वर्क, प्रभावी संचार, नेतृत्व विकास, आत्म विश्वास निर्माण एवं लक्ष्य निर्धारण जैसे महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जीवन कौशल केवल व्यक्तिगत विकास का माध्यम नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का एक सशक्त साधन भी है।

इस अवसर पर सहयोगिनी संस्था के समन्वयक प्रकाश कुमार महतो ने बताया कि संस्था कसमार प्रखंड के हद में दुर्गापुर, बगदा, खैराचातर एवं टांगटोना पंचायतों के 19 गांवों में किशोरियों के नेतृत्व विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, लैंगिक समानता तथा बाल अधिकारों के संरक्षण को लेकर निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि जीवन कौशल प्रशिक्षण के माध्यम से किशोरियां अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होती हैं और समाज में सशक्त नेतृत्वकर्ता के रूप में उभरती हैं।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि वे अपने गांवों में बाल विवाह, बाल श्रम, लैंगिक भेदभाव एवं हिंसा जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता फैलाने का कार्य कर रही हैं। कहा गया कि इस प्रकार के प्रशिक्षण से उनका आत्मविश्वास बढ़ता है तथा वे अपनी बात प्रभावी ढंग से रखने में सक्षम बनती हैं।

सहयोगिनी एनिमेटर बिनीता देवी ने बताया कि संस्था किशोरियों एवं महिला समूहों के साथ मिलकर जीवन कौशल, नेतृत्व विकास तथा अधिकार आधारित जागरूकता पर लगातार कार्य कर रही है। साथ ही उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़कर उनके सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण के लिए प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि वे अपने जीवन से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णय स्वयं ले सकें और भेदभाव व हिंसा के खिलाफ सशक्त आवाज उठा सकें।

इस अवसर पर सहयोगिनी एनिमेटर बिनीता देवी, डोली कुमारी, जूही कुमारी, नेहा कुमारी, परिणिता कुमारी, आराध्या चटर्जी, रोज़ी प्रवीण, कशिश प्रवीण, अर्चना कुमारी, प्रमिला कुमारी, सावित्री देवी, मंजू देवी, पूनम देवी, किरण देवी, लक्ष्मी देवी सहित बड़ी संख्या में किशोरियां एवं युवा महिलाएं उपस्थित थी।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *