रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के उत्क्रमित उच्च विद्यालय टांगटोना के 6 विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति योजना (एनएमएमएसएस) परीक्षा में सफलता हासिल कर विद्यालय, अभिभावकों एवं क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है। शिक्षकों एवं अभिभावकों ने सफल छात्रों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
इसे लेकर 30 मई को विद्यालय सचिव विनोद कुमार ने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों द्वारा इस तरह की उपलब्धि हासिल करना गर्व की बात है। यह सफलता अन्य विद्यार्थियों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगी। वहीं विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष भूषण महतो ने सफल छात्रों को साधुवाद देते हुए कहा कि विद्यालय लगातार शैक्षणिक गुणवत्ता को बेहतर बनाने के लिए प्रयासरत है।
विद्यार्थियों की यह उपलब्धि विद्यालय के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भी विद्यालय के छात्र-छात्रा विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे। विद्यालय परिवार की ओर से सभी सफल विद्यार्थियों को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं। वहीं विद्यालय के शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें आगे की पढ़ाई में निरंतर मेहनत करने की सलाह दी।
![]()












Leave a Reply