Advertisement

छह माह से लंबित मृत्यु प्रमाण पत्र घंटों में जारी

हम आपको सुनते हैं जनता दरबार में डीसी ने सुनी आमजनों की समस्या, दिया निर्देश

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला समाहरणालय में 22 मई को आयोजित हम आपको सुनते हैं जनता दरबार कार्यक्रम में जिला उपायुक्त अजय नाथ झा ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे आमजनों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

जनता दरबार में बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याओं और मांगों को लेकर पहुंचे, जहां कई मामलों का ऑन द स्पॉट समाधान भी किया गया। इस दौरान चंदनकियारी रहिवासी लक्ष्मी देवी ने उपायुक्त के समक्ष भावुक होकर बताया कि उनके पति स्वर्गीय विनोद कालिंदी का मृत्यु प्रमाण पत्र पिछले छह माह से लंबित है। कई बार कार्यालय का चक्कर लगाने के बावजूद उन्हें प्रमाण पत्र नहीं मिल पाया था, जिससे सरकारी योजनाओं और अन्य जरूरी कार्यों में परेशानी हो रही थी।

मामले को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त झा ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया। डीसी के हस्तक्षेप के बाद प्रशासन हरकत में आया और कुछ ही घंटों के भीतर लंबित मृत्यु प्रमाण पत्र जारी कर पीड़िता को सौंप दिया गया। प्रमाण पत्र मिलने के बाद लक्ष्मी देवी ने उपायुक्त और जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया।
इसी दौरान दिव्यांग निमाई प्रमाणिक ने अपने क्षेत्र के विद्यालय की जर्जर स्थिति और मरम्मति की आवश्यकता को लेकर उपायुक्त को आवेदन सौंपा।

उन्होंने कहा कि विद्यालय भवन की स्थिति खराब होने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उनकी सामाजिक सोच और शिक्षा के प्रति चिंता को देखते हुए उपायुक्त ने सराहना की तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को विद्यालय की स्थिति का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया।
जनता दरबार में पहुंचे अन्य फरियादियों की समस्याओं को भी उपायुक्त ने गंभीरता से सुना और संबंधित विभाग को समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा।

इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन आमजनों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। कहा कि प्रत्येक शिकायत पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि लाभुको को कार्यालयों का बार-बार चक्कर न लगाना पड़े और समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *