Advertisement

मुख्यमंत्री ने 316 शिक्षकों के बीच बांटे नियुक्ति पत्र, कहा यह नौकरी नहीं, बड़ी जिम्मेदारी है

एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। झारखंड मंत्रालय में आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने नव नियुक्त इंटर और स्नातक प्रशिक्षित सहायक आचार्यों तथा आंगनबाड़ी पर्यवेक्षिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किये। मौके पर कुल 316 शिक्षकों (कक्षा 1 से 5 के लिए 160 और कक्षा 6 से 8 के लिए 156) और 17 आंगनबाड़ी पर्यवेक्षिकाओं को नियुक्ति पत्र दिये गये।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि यह केवल नौकरी नहीं, बल्कि समाज के अंतिम पायदान तक विकास योजनाओं को पहुंचाने की जिम्मेदारी है। उन्होंने नव नियुक्त कर्मियों से पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ काम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि राज्य में सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस के जरिये शिक्षा व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया जा रहा है। साथ ही उन्होंने बताया कि पारदर्शी प्रक्रिया के तहत लगातार युवाओं को सरकारी नौकरी दी जा रही है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ महीनों में शिक्षा विभाग में 9,000 से अधिक और पिछले दो वर्षों में 16,000 से अधिक युवाओं को रोजगार दिया गया है।

मुख्यमंत्री ने महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए चल रही झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना का भी उल्लेख किया। कहा कि राज्य की करीब 60 लाख महिलाओं को इसका लाभ मिल रहा है। इससे कई बेटियां आगे बढ़कर कलेक्टर जैसे पदों तक पहुंच रही हैं। सीएम सोरेन ने नव नियुक्त शिक्षकों से कहा कि उन्हें दुर्गम और ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर बच्चों को बेहतर शिक्षा देनी होगी। कहा कि शिक्षक बच्चों के भविष्य को आकार देने वाले होते हैं और उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

झारखंड मंत्रालय सभागार में आयोजित सरकारी कार्यक्रम कई परिवारों के सपनों, संघर्षों और उम्मीदों से जुड़ा रहा। मंच पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मौजूद थे और सामने बैठे थे वे युवा, जिनके हाथों में पहली बार सरकारी नौकरी का नियुक्ति पत्र आने वाला था। किसी के चेहरे पर खुशी थी, किसी की आंखों में जिम्मेदारी का एहसास, तो कई परिवारों के लिए यह पल वर्षों की मेहनत का फल था।

राज्य सरकार की ओर से आयोजित नव नियुक्त इंटर एवं स्नातक प्रशिक्षित सहायक आचार्यों और आंगनबाड़ी पर्यवेक्षिकाओं के नियुक्ति-पत्र वितरण समारोह में माहौल भावुक और उम्मीदों से भरा था। सीएम ने जब मंच से कहा कि यह सिर्फ नौकरी नहीं, बल्कि झारखंड को बदलने का मिशन है, पुरा सभागार तालियों से गूंज उठा।

आयोजित समारोह में कक्षा एक से 5 तक के लिए 160 और कक्षा 6 से 8 तक के लिए 156 सहायक शिक्षकों को नियुक्ति पत्र दिए गए। इसके साथ ही 17 आंगनबाड़ी पर्यवेक्षिकाओं को भी नई जिम्मेदारी सौंपी गई। भाषण का केंद्र सिर्फ नियुक्ति नहीं था। सीएम ने बार-बार इस बात पर जोर दिया कि झारखंड के सुदूर गांवों तक विकास की असली रोशनी पहुंचाना अब इन नए शिक्षकों और कर्मियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि राज्य के कई इलाके आज भी ऐसे हैं, जहां संसाधनों की कमी है। बच्चों के सामने अवसर कम हैं और महिलाएं अभी भी मुख्यधारा से दूर हैं। ऐसे में सरकार चाहती है कि उसके कर्मचारी सिर्फ दफ्तरों तक सीमित न रहें, बल्कि समाज के बीच जाकर बदलाव की भूमिका निभाएं।

मुख्यमंत्री हेमंत की बातों का सबसे भावुक हिस्सा तब आया, जब उन्होंने बच्चों को कच्ची मिट्टी बताया। उन्होंने कहा कि गांवों के बच्चे जिस माहौल में पलते हैं, उसी के अनुसार उनका आत्मविश्वास और सोच बनती है। ऐसे में शिक्षक ही वह इंसान होता है, जो बच्चे को नई दिशा दे सकता है। उन्होंने नवनियुक्त शिक्षकों से कहा कि वे सिर्फ पाठ्यक्रम पूरा करने तक सीमित न रहें। बच्चों के भीतर सपने जगाना, उन्हें आगे बढ़ने का भरोसा देना और उनके अंदर छिपी प्रतिभा को पहचानना भी उतना ही जरूरी है। उनकी बातों में साफ दिखा कि सरकार शिक्षा को केवल नौकरी पाने का जरिया नहीं, बल्कि सामाजिक बदलाव का रास्ता मान रही है।

सीएम सोरेन ने अपने संबोधन में कहा कि लंबे समय तक सरकारी स्कूलों की स्थिति को लेकर आमजनों के मन में नकारात्मक धारणा रही है। अब सरकार उस छवि को बदलना चाहती है। उन्होंने सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य के स्कूलों को बेहतर सुविधाओं से जोड़ा जा रहा है। मकसद है कि गांव का बच्चा भी वही माहौल पाए, जो बड़े शहरों के अच्छे स्कूलों में मिलता है। वे शिक्षा व्यवस्था को केवल भवन और नियुक्तियों तक सीमित नहीं रखना चाहते, बल्कि उसे सामाजिक बराबरी के बड़े अभियान के रूप में बदलने के लिए तैयार हैं।

मुख्यमंत्री सोरेन ने महिलाओं के सशक्तिकरण को भी प्रमुखता से रखा। उन्होंने कहा कि झारखंड मुख्यमंत्री मंईयाँ सम्मान योजना के जरिए लाखों महिलाओं तक आर्थिक मदद पहुंच रही है और इसका असर अब समाज में दिखने लगा है। उन्होंने कहा कि पहले महिलाओं को घर की चारदीवारी तक सीमित रखने की सोच थी, लेकिन अब बेटियां आगे बढ़ रही हैं। पढ़ाई कर रही हैं, प्रतियोगी परीक्षाएं पास कर रही हैं और बड़े पदों तक पहुंच रही हैं। उन्होंने गर्व से कहा कि कई बेटियां आज कलेक्टर जैसे पदों तक पहुंच रही हैं और यह बदलाव समाज में नई उम्मीद पैदा कर रहा है।

देश के कई राज्यों में भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी और पेपर लीक के मामलों के बीच मुख्यमंत्री ने झारखंड सरकार की नियुक्ति प्रक्रिया को भी अपनी उपलब्धि के तौर पर पेश किया। उन्होंने कहा कि पिछले चार महीनों में शिक्षा विभाग में 9 हजार से अधिक युवाओं को रोजगार दिया गया है, जबकि दो वर्षों में 16 हजार से ज्यादा नियुक्तियां हुई हैं। कहा कि सरकार पारदर्शी तरीके से युवाओं को रोजगार देने के लिए लगातार काम कर रही है और आने वाले समय में भी यह प्रक्रिया जारी रहेगी।

आयोजित समारोह में मौजूद कई परिवारों के लिए यह दिन किसी त्योहार से कम नहीं था। कई अभ्यर्थियों के माता-पिता अपने बच्चों को मंच से नियुक्ति पत्र लेते देख भावुक हो उठे। कुछ युवाओं के लिए यह परिवार की पहली सरकारी नौकरी थी। सभागार में बार-बार तालियां गूंजती रहीं, लेकिन उन तालियों के बीच मुख्यमंत्री की एक बात सबसे ज्यादा असर छोड़ गई कि यह सिर्फ नौकरी नहीं है। आपके जरिए सरकार गांव-गांव तक पहुंचना चाहती है।

समारोह में बड़ी संख्या में नवनियुक्त अभ्यर्थी और उनके परिजनों के साथ इस अवसर पर राज्य के वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर, श्रम नियोजन एवं प्रशिक्षण विभाग के मंत्री संजय प्रसाद यादव, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सचिव उमा शंकर सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारीगण मौजूद रहे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *