रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के उत्क्रमित उच्च विद्यालय टांगटोना में बीते 19 मई से 21 मई तक गर्मी छुट्टी से पहले तीन दिवसीय समर कैंप का आयोजन किया गया। समर कैंप में कक्षा एक से 10 तक के सभी विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
बताया जाता है कि समर कैंप के दौरान बच्चों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए विभिन्न प्रकार की गतिविधियां आयोजित की गईं। इनमें मिट्टी से खिलौना बनाना, कागज से विभिन्न वस्तुओं का निर्माण, योग अभ्यास, दौड़ प्रतियोगिता, पेंटिंग, खेलकूद, पोस्टर निर्माण, क्विज प्रतियोगिता, संगीत, क्षेत्रीय नृत्य, मास पीटी एवं भाषण प्रतियोगिता शामिल था। सभी बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और तीन दिनों तक सीखने के साथ-साथ जमकर आनंद भी उठाया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक बिनोद कुमार महतो ने कहा कि विद्यालय में समर कैंप आयोजित होने से बच्चों को नई-नई चीजें सीखने का अवसर मिला। उन्होंने बताया कि बच्चे पूरे उत्साह और उमंग के साथ कार्यक्रम में शामिल हुए। कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम बच्चों की रचनात्मक क्षमता और आत्मविश्वास को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
समर कैंप के सफल संचालन में शिक्षक सुबोध महतो, अरुण विजय एक्का, वेद प्रकाश, सच्चिदानंद पांडेय, तारकेश्वर प्रसाद, देवधारी महतो, कपिलेश्वर महतो, लाल किशोर महतो, लक्ष्मण महतो, रथू महतो, सरिता देवी, लिपिक कुणाल कुमार महतो एवं आइसीटी इंस्ट्रक्टर तपोसी महतो की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सभी शिक्षकों ने बच्चों के साथ मिलकर कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न किया।
![]()













Leave a Reply