रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। जिला मुख्यालय बोकारो के समाहरणालय में 21 मई को नगर निगम चास तथा नगर परिषद फुसरो में पेयजल आपूर्ति सुचारु करने को लेकर समीक्षा बैठक की गयी। अध्यक्षता जिला उपायुक्त अजय नाथ झा ने की।
आयोजित चास नगर निगम एवं फुसरो नगर परिषद की मासिक समीक्षा बैठक में उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा ने नगर निकायों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए राजस्व संग्रहण बढ़ाने, पेयजल व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा जलापूर्ति योजनाओं में तेजी लाने का निर्देश दिया। बैठक के दौरान डीसी ने अधिकारियों से कहा कि गर्मी के मौसम को देखते हुए शहरी क्षेत्रों में आम रहिवासियों को निर्बाध पेयजल उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने जलापूर्ति कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा खराब पड़े चापाकलों की शीघ्र मरम्मत सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

समीक्षा क्रम में उपायुक्त ने अवैध जल कनेक्शन एवं पानी की चोरी रोकने के लिए विशेष मॉनिटरिंग सेल गठित करने को कहा। साथ ही नियमित औचक निरीक्षण कर दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिया। बैठक में अपार्टमेंट एवं आवासीय क्षेत्रों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम की स्थिति की जांच करने पर भी जोर दिया गया। डीसी ने कहा कि भूजल स्तर को बनाए रखने एवं जल संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए वर्षा जल संचयन व्यवस्था को प्रभावी रूप से लागू करना आवश्यक है।
उन्होंने नगर निकायों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि पेयजल संकट से संबंधित शिकायतों का त्वरित समाधान करें तथा रहिवासियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखें।
![]()













Leave a Reply